Home » Uncategorized » पंजैहरा स्कूल के छात्रों का कमाल: राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन के लिए चयनित…

पंजैहरा स्कूल के छात्रों का कमाल: राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन के लिए चयनित…

लाइव हिमाचल/नालागढ़ : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा के लिए गौरव का क्षण। दून वैली पब्लिक स्कूल, नालागढ़ में आयोजित जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में स्कूल के पांच विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में स्कूल के जमा एक कक्षा के छात्र हरमन और हरमीत ने अपनी वैज्ञानिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट के दम पर राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन के लिए चयनित होकर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

ग्रामीण स्वास्थ्य पर किया वैज्ञानिक सर्वेक्षण

हरमन और हरमीत ने अपने मार्गदर्शक अध्यापक जगदीश वर्धन के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण विषय पर शोध किया। इन दोनों छात्रों ने ग्राम पंचायत बगलैहड़ और ग्राम पंचायत पंजैहरा के विभिन्न गांवों में घर-घर जाकर और ऑनलाइन सर्वेक्षण किया। सर्वे का विषय था – “ग्रामीण लोग बार-बार बीमार क्यों पड़ते हैं? क्या डॉक्टर से दवा लेने के बाद लोग दवाओं का पूरा कोर्स करते हैं और क्या वे पूरी दवाएं खरीद पाते हैं?” सर्वे से चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। छात्रों ने पाया कि इलाज में गंभीर लापरवाही के कारण लोग बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। लोग आर्थिक तंगी या जागरूकता के अभाव में दवाओं का कोर्स बीच में ही छोड़ देते हैं।

समाधान भी बताया – स्मार्ट पिल बॉक्स और ग्रामीण दवा बैंक

केवल समस्या ही नहीं, इन युवा वैज्ञानिकों ने इसका समाधान भी प्रस्तुत किया है। उन्होंने “स्मार्ट पिल बॉक्स और ग्रामीण दवाई बैंक” का मॉडल प्रस्तावित किया है, जो लोगों को समय पर दवा लेने के लिए याद दिलाएगा और जरूरतमंदों को सस्ती दवाएं उपलब्ध करवाएगा। अब यह प्रोजेक्ट रिपोर्ट राज्य स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी।वहीं, जमा दो के छात्र आयुष कुमार ने प्रवक्ता भौतिक विज्ञान मनोज डोगरा के मार्गदर्शन में एक शानदार मॉडल बनाया। उनका मॉडल बरसात में नालियां बंद होने से आने वाली बाढ़ के खतरे पर आधारित था, जो नालियां बंद होते ही तुरंत संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मैसेज भेजेगा। इस उपलब्धि पर स्कूल की प्रधानाचार्या संगीता ने सभी चयनित विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक अध्यापकों को बधाई दी और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त अध्यापक वर्ग उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *