Home » Uncategorized » मुकेश अग्निहोत्री का युवा फिल्मकारों से आह्वान: हिमाचल की लोक संस्कृति और जनजातीय जीवन को विश्व पटल पर लाएं

मुकेश अग्निहोत्री का युवा फिल्मकारों से आह्वान: हिमाचल की लोक संस्कृति और जनजातीय जीवन को विश्व पटल पर लाएं

शिमला : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सिनेमा अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। भाषा और संस्कृति भले ही अलग हों, लेकिन मानवीय भावनाएं समान होती हैं और यही सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत है। शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म महोत्सव केवल फिल्मों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं होते, बल्कि विभिन्न विचारों, संस्कृतियों, भाषाओं और दृष्टिकोणों के बीच संवाद का मंच भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और दुनिया के विभिन्न देशों की फिल्मों का प्रदर्शन सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर प्रदान करता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला अपनी प्राकृतिक सुंदरता, कला, संस्कृति और साहित्य के कारण देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। ऐसे आयोजन हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवा फिल्मकारों से हिमाचल की लोक संस्कृति, लोक कथाओं, संगीत, नृत्य, जनजातीय जीवन और प्राकृतिक परिवेश को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
25 से 27 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 33 देशों और भारत के 15 राज्यों की 96 फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर अभिनेता मनोज जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पहले दिन पांच फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई तथा मनोज जोशी ने स्कूली बच्चों और दर्शकों के साथ अपने फिल्मी अनुभव भी साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *