Home » Uncategorized » मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की…

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की…

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के धर्मशाला में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी के दूरदर्शी निर्णयों और सशक्त नेतृत्व ने भारत की प्रगति एवं विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन, आर्थिक सुधारों, बैंकों के राष्ट्रीयकरण, कृषि उत्पादकता को सुदृढ़ करने, रोजगार सृजन तथा सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए सर्वाेच्च बलिदान दिया। राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने, अपने लक्ष्यों के प्रति एकाग्र रहने तथा प्रगतिशील एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें अनुशासन, समर्पण, देशभक्ति एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक किशोरी लाल तथा कमलेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य ने भी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *