लाइव हिमाचल/सोलन: जिला सोलन पत्रकार संघ की दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज वीरवार को हुआ। प्रतियोगिता में पत्रकारों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और कोर्ट पर अपने खेल का दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना है। पत्रकार आमतौर पर कलम के जरिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन प्रतियोगिता में उनकी खेल प्रतिभा भी देखने को मिली। चीफ एडवाइजर ज्ञान सुमन ने भी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने पत्रकारों के लिए आयोजित इस सौहार्दपूर्ण आयोजन की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के सिंगल्स वर्ग में शनिवार को फाइनल मुकाबला संजय हिंदवान और ललित कश्यप के बीच खेला जाएगा। इससे पहले हुए सिंगल मुकाबलों में तोमर ठाकुर ने सुनील कुमार, कमलेश कुमार ने दीपक ठाकुर, हेमंत अत्रि ने मोहन चौहान, वेद आर्य ने दीप कुमार, तोमर ठाकुर ने कमलेश कुमार और ललित कश्यप ने धर्मेंद्र को हराया। इसके बाद ललित कश्यप ने तोमर ठाकुर को तथा संजय हिंदवान ने वेद आर्य को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में तोमर ठाकुर ने हेमंत अत्रि को 2-1 सेट से हराया। इसके साथ ही तोमर ठाकुर ने सिंगल्स में तीसरा स्थान हासिल किया। जबकि डबल्स वर्ग में पवन ठाकुर-हेमंत अत्रि की जोड़ी का मुकाबला सुखदर्शन ठाकुर-वेद आर्य की जोड़ी से हुआ, जिसमें सुखदर्शन-वेद की जोड़ी विजयी रही। इसके बाद संजय हिंदवान-मोहन चौहान की जोड़ी ने धर्मेंद्र डडवाल-दीपक ठाकुर की जोड़ी को हराया। अगले मुकाबले में संजय हिंदवान-मोहन चौहान ने सुखदर्शन ठाकुर-वेद आर्य की जोड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं तोमर ठाकुर-सुनील कुमार की जोड़ी को विशाल वर्मा-कमलेश कुमार की जोड़ी ने हराया। इसके बाद ललित कश्यप-विवेक भारती की जोड़ी ने विशाल वर्मा-कमलेश कुमार की जोड़ी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। डबल्स का फाइनल शनिवार को संजय हिंदवान-मोहन चौहान और ललित कश्यप-विवेक भारती की जोड़ियों के बीच खेला जाएगा। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में विशाल वर्मा-कमलेश कुमार की जोड़ी ने वेद आर्य-सुखदर्शन ठाकुर की जोड़ी को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं गर्ल्स वर्ग में रीता और भावना के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भावना विजेता रहीं। इस दौरान ज्ञान सुमन, पवन ठाकुर,एसपी शर्मा, रीता, अमरप्रीत पुंज, अशोक वर्धन, हरदयाल, सतीश दिप्टा, राजेश राज और भावना ओबरोय सहित पत्रकार संघ के सदस्य व खिलाड़ी मौजूद रहे।




