लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर,सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में भारत सरकार की विशेष पहल के अंतर्गत राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे भव्य सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पूरे अनुशासन, सम्मान और अटूट देशभक्ति की भावना के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। सामूहिक स्वर में गूंजते राष्ट्रगीत से संपूर्ण विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा और विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक गौरव के प्रति अपनी दृढ प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह गरिमामय कार्यक्रम विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हीरा ठाकुर, सीईओ डॉ. संजीव मैनरा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अध्यापकों के उत्कृष्ट सहयोग और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को अत्यंत भव्य एवं स्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर संपूर्ण विद्यालय परिवार ने राष्ट्रप्रेम, एकजुटता तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सम्मान को सदैव अक्षुण्ण रखने का सामूहिक संकल्प लिया।




