लाइव हिमाचल/शिमला: सोशल मीडिया पर इन दिनों 1980 के दशक के रेट्रो लुक में बदलने का एआई ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर स्टेट सीआईडी साइबर क्राइम ब्यूरो ने आम जनता को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी अनजान एआई ऐप या वेबसाइट पर अपने चेहरे की स्पष्ट तस्वीर अपलोड करना भारी पड़ सकता है। यह सामान्य फोटो एआई तकनीक के जरिए संवेदनशील डिजिटल पहचान में बदल जाती है, जिसका इस्तेमाल साइबर अपराधी डीपफेक, फर्जी प्रोफाइल और भ्रामक वीडियो बनाने के लिए कर सकते हैं। इससे किसी व्यक्ति का फर्जी डिजिटल मॉडल तैयार कर असली और नकली के बीच का फर्क खत्म किया जा सकता है। साइबर क्राइम ब्यूरो के मुताबिक, अपराधी इन तस्वीरों से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर पीड़ितों के परिचितों से बीमारी या आपात स्थिति का बहाना बनाकर पैसों की ठगी कर सकते हैं। इसके अलावा, साधारण तस्वीरों में एआई के जरिए बदलाव कर उन्हें आपत्तिजनक या अश्लील संदर्भ में पेश किया जा सकता है। ऐसे फर्जी कंटेंट का इस्तेमाल लोगों को डराने, ब्लैकमेल करने और उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जाता है। इस खतरे से बचाव के लिए साइबर ब्यूरो ने परिवार, महिलाओं और बच्चों की तस्वीरें साझा करते समय गोपनीयता सेटिंग्स मजबूत रखने और किसी भी एआई ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसकी अनुमतियों की जांच करने की सलाह दी है। यदि किसी के साथ धोखाधड़ी या ब्लैकमेलिंग की घटना होती है, तो साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। वहीं, प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि एआई तकनीक का इस्तेमाल गलत नहीं है, लेकिन किसी अनजान प्लेटफॉर्म पर अपनी डिजिटल छवि सौंपने से पहले गोपनीयता जोखिमों को समझना जरूरी है।





