शिमला: हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस की अंदरूनी सियासत एक बार फिर गरमा गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई वरिष्ठ मंत्रियों के हालिया दिल्ली दौरे और केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठकों के बाद अब सभी की नजरें कांग्रेस हाईकमान के अगले कदम पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व राज्य से मिले फीडबैक के आधार पर मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट कर सकता है। इस सिलसिले में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के स्तर पर भी प्रदेश सरकार और संगठन के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। मंत्रिमंडल में नए चेहरों के रूप में कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री की पसंद के साथ-साथ क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस में यह चर्चा भी तेज है कि हाईकमान मंत्रियों के प्रदर्शन का आकलन कर रहा है, जिससे नए मंत्रियों को शामिल करने के अलावा कुछ विभागों में फेरबदल से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उपमुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों की दिल्ली में मौजूदगी ने इन राजनीतिक अटकलों को और बल दिया है।दूसरी ओर, मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच अचानक कैबिनेट बैठक स्थगित होने से भी कयासों का दौर जारी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खराब स्वास्थ्य के कारण ओकओवर में ही रहे, जबकि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह और चंद्र कुमार सचिवालय में विभागीय कार्य निपटाते नजर आए। सरकार के स्तर पर बैठक टलने को प्रशासनिक कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है।कैबिनेट बैठक स्थगित होने पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सरकार के भीतर किसी भी तरह के मतभेद से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि बैठक टलने की जानकारी उन्हें गुरुवार शाम को मिल गई थी और इसे आपसी खींचतान से जोड़ना गलत है। अपने दिल्ली दौरे पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों के सिलसिले में केंद्रीय नेतृत्व से मिलना स्वाभाविक प्रक्रिया है और इस दौरान संगठन व सरकार के विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई है। कृषि मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने भी मंत्रियों के बीच किसी तरह की नाराजगी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि मंत्री समय-समय पर पार्टी हाईकमान से मुलाकात करने दिल्ली जाते हैं और अपने विभाग तथा कामकाज की जानकारी नेतृत्व को देते हैं।उन्होंने कहा कि कुछ मंत्री पार्टी के महासचिव से मिलते हैं तो कुछ प्रदेश प्रभारी से मुलाकात करते हैं। उनके मुताबिक, मंत्रियों में सरकार के खिलाफ नाराजगी या किसी तरह के मतभेद जैसी कोई बात नहीं है। फिलहाल, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर होना है।





