Home » Uncategorized » लालबत्ती हटने के बाद नीली झंडी बनेगी जनप्रतिनिधियों की पहचान

लालबत्ती हटने के बाद नीली झंडी बनेगी जनप्रतिनिधियों की पहचान

शिमला: हिमाचल प्रदेश के विधायकों को अपनी गाड़ियों पर विशिष्ट नीली झंडी लगाने के लिए अभी लगभग एक सप्ताह का इंतजार करना होगा। विधानसभा की ओर से तैयार करवाई जा रही इस झंडी के मिलने तक विधायकों को अपने वाहनों के शीशों पर ‘MLA’ लिखकर ही काम चलाना पड़ेगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन में इसकी जानकारी दी थी। दरअसल, लालबत्ती और फ्लैशर की व्यवस्था समाप्त होने के बाद जनप्रतिनिधियों की गाड़ियों की अलग पहचान नहीं हो पा रही थी, जिसको लेकर विधायक लगातार सरकार से मांग कर रहे थे। नीली विशिष्ट झंडी मिलने से संवैधानिक पद और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी पहचान स्पष्ट हो सकेगी। यह फैसला विधानसभा की ‘सदस्य सुविधा समिति’ की बैठक में लिया गया है। समिति के अनुसार, यह विशेष झंडी प्रदेश से बाहर भी इस्तेमाल करने की अनुमति होगी। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के 10 दिसंबर 2013 के फैसले और केंद्र सरकार द्वारा 1 मई 2017 से बीकन लाइटों पर लगाई गई रोक के बाद विधायकों के वाहनों से फ्लैशर और झंडी की पुरानी व्यवस्था समाप्त हो गई थी, जिसे अब इस नई नीली झंडी के माध्यम से फिर से सुगम बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *