लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की धर्मपुर तहसील के तहत आते टिहरा क्षेत्र के सकोह गांव में पड़ोसी युवक द्वारा महिला का अश्लील वीडियो बनाने का शर्मनाक मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, रविवार दोपहर जब वह अपने घर के बाथरूम में नहाने के बाद कपड़े पहन रही थी, तो उसकी नजर वेंटिलेटर पर रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी। महिला को देखते ही पड़ोसी युवक रोहित कुमार वेंटिलेटर से मोबाइल उठाकर भागने लगा, लेकिन महिला के मांगने पर उसने फोन सौंप दिया। इसके बाद स्थानीय पूर्व प्रधान अंजू रांगड़ा की मौजूदगी में जब मोबाइल की गैलरी खोली गई, तो उसमें करीब 7 मिनट 51 सेकंड की वीडियो रिकॉर्डिंग पाई गई, जिस पर युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। पीड़िता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल साक्ष्यों को कब्जे में लेकर गहन जांच शुरू कर दी है।





