लाइव हिमाचल/सोलन: उपमंडल नालागढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिवालिक स्कूल पंजेहरा में आयोजित अंडर-19 खेल प्रतियोगिता में पंजेहरा स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपना दबदबा बनाया। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में नालागढ़ क्षेत्र के 30 स्कूलों के 429 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा की कबड्डी टीम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजपुरा से कड़ी टक्कर के बाद उपविजेता रही। कार्यक्रम के दौरान नालागढ़ के समाजसेवी ज्ञान सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के उपरांत प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या संगीता ने बच्चों को नशे से दूर रहने, खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई में कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।





