लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा सदन में बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए विस्तृत जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन 10 जुलाई, 2026 को जारी किया गया था, जिसकी शुरुआती अंतिम तिथि 6 अगस्त 2026 तय की गई थी और तब तक लगभग 65,000 अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिया था। इसके बाद सरकार द्वारा सभी युवाओं के हित में फैसला लेते हुए एकमुश्त एक वर्ष की आयु सीमा में छूट दी गई और आवेदन की तारीख 15 दिनों के लिए बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 की गई, जिसके दौरान करीब 11,000 नए आवेदन प्राप्त हुए और कुल संख्या 77,000 तक पहुंच गई। इसके उपरांत, होम गार्ड्स कर्मचारियों को भी एकमुश्त 5 वर्ष की आयु सीमा में राहत देते हुए अंतिम तिथि को एक बार फिर 15 दिनों के लिए बढ़ाकर 5 सितंबर 2026 तक विस्तारित किया गया, जिससे इस अवधि में लगभग 21,000 और आवेदन प्राप्त हुए। इस तरह 1 सितंबर 2026 की शाम 7:00 बजे तक पुलिस कांस्टेबल पदों के लिए प्राप्त कुल आवेदनों का आंकड़ा 98,719 तक पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए सदन में पोर्टल में खराबी की खबरों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्तारित अवधि के दौरान भी प्रतिदिन औसतन 200 से 300 पुरुष अभ्यर्थियों और 150 से 200 महिला अभ्यर्थियों के आवेदन सफलतापूर्वक प्राप्त हो रहे हैं, जिसमें 31 अगस्त को 313 पुरुष व 159 महिला और 1 सितंबर को 294 पुरुष व 129 महिला आवेदन आए। ऐसे में लोक सेवा आयोग का ऑनलाइन पोर्टल पूरी तरह से सुचारू रूप से कार्य कर रहा है और इसमें किसी प्रकार की तकनीकी बाधा नहीं है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नियमानुसार प्रदेश के सभी 12 जिलों में पुलिस विभाग द्वारा शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षण आयोजित किया जाना है। यदि आवेदन की अंतिम तिथि को अब और आगे बढ़ाया जाता है। तो आगामी सर्दियों के मौसम के कारण भर्ती प्रक्रिया को समय पर शुरू कर पाना बेहद कठिन हो जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया में कम से कम 6 महीने की अतिरिक्त देरी हो सकती है। इसलिए अभ्यर्थियों को पहले ही पर्याप्त अवसर दिए जा चुके हैं और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अंतिम तिथि को और आगे बढ़ाना व्यावहारिक रूप से उचित नहीं होगा।





