लाइव हिमाचल/शिमला: राजधानी शिमला में हिमाचल राज्य बिजली बोर्ड के कर्मचारियों, इंजीनियरों और पेंशनरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भारी तादाद में एकजुट हुए कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के समर्थन से आयोजित इस प्रदर्शन के तहत कर्मचारियों ने सुबह 11 बजे कुमार हाउस से आंबेडकर चौक तक विशाल रैली निकाली और सरकार के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में बोर्ड में ओपीएस लागू करना, खाली पड़े पदों पर तुरंत नियमित भर्ती शुरू करना और मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को धरातल पर उतारना शामिल है। गौर हो कि बीते कल भी शिमला के चौड़ा मैदान में हजारों पेंशनरों ने अपने डीए (DA) और बकाया वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था।





