लाइव हिमाचल/ शिमला: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में निर्णय लिया गया कि सरकार आगामी 6, 7 और 8 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर व्यापक जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिनकी अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक करेंगे। विभाग द्वारा आठ चरणों में कराए गए सर्वे के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में करीब 1.78 लाख अति निर्धन परिवारों की पहचान की गई है, जिनमें से 85 हजार परिवार ऐसे हैं जो अब तक न तो बीपीएल सूची में शामिल हो पाए थे और न ही उन्हें किसी सरकारी योजना का लाभ मिल सका था। इस योजना के माध्यम से इन सभी वंचित परिवारों तक सीधी मदद पहुंचाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प दोहराया गया।





