लाइव हिमाचल/सोलन: भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह की प्रार्थना सभा में बारहवीं कक्षा की छात्रा ज्योति राणा ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर अपने विचार साझा किए। इसके पश्चात, नशा निवारण समिति के प्रभारी एवं भौतिकी विज्ञान के प्रवक्ता मनोज डोगरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा दिन-प्रतिदिन समाज में अपने पैर पसार रहा है, जो हम सभी के लिए एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि जीवन में नशा करना ही है, तो पढ़ाई और अपने सपनों को पूरा करने का करें। विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता ने भी बच्चों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी और कहा कि नशा घर-परिवार की बर्बादी की मुख्य जड़ है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हाथ में तख्तियाँ लेकर पंजैहरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। ‘नशा भगाओ, जीवन बचाओ’ के गगनभेदी नारों के साथ छात्रों ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर जोघों पुलिस चौकी से आए पुलिस जवानों अमित कुमार व अवतार सिंह ने भी बच्चों को नशे के खतरों के प्रति जागरूक किया और रैली के सुचारु संचालन में सहयोग दिया। अभियान के अंतर्गत स्कूल में पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग (नारा लेखन) प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवक्ता राजनीति विज्ञान जयपाल चौधरी, प्रवक्ता रसायन विज्ञान जगदीश चंद, प्रवक्ता हिंदी डॉ. जयपाल ठाकुर, प्रवक्ता कॉमर्स राजवीर कौर, शेर सिंह, चतर सिंह, हरदेव सिंह, रामपाल, सतवीर कौर, गीता देवी, कीर्ति धीमान सहित समस्त शिक्षक वर्ग का विशेष योगदान रहा।





