Home » Uncategorized » प्लास्टिक मुक्त हिमाचल का संदेश लेकर बाजार पहुंचे एनसीसी कैडेट्स, कालूझिंडा मार्किट में दुकानदारों को वितरित किए 400 कागज के बैग

प्लास्टिक मुक्त हिमाचल का संदेश लेकर बाजार पहुंचे एनसीसी कैडेट्स, कालूझिंडा मार्किट में दुकानदारों को वितरित किए 400 कागज के बैग

लाइव हिमाचल/सोलन : पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चितकारा यूनिवर्सिटी, बद्दी की एनसीसी इकाई ने बुधवार को कालूझिंडा मार्किट में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स ने पूरे बाजार क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। इस दौरान विश्वविद्यालय की ओर से दुकानदारों को 400 कागज के बैग भी वितरित किए गए, ताकि वे ग्राहकों को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कागज के बैग उपलब्ध कराकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई। एनसीसी कैडेट्स हाथों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर लेकर कालूझिंडा मार्किट की विभिन्न गलियों से गुजरे। कैडेट्स ने दुकानदारों, ग्राहकों और स्थानीय लोगों को प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उन्हें अपने दैनिक जीवन में कपड़े और कागज के बैग का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कैडेट्स ने लोगों को बताया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग न केवल पर्यावरण को प्रदूषित करता है, बल्कि जल स्रोतों, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्लास्टिक मुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
चितकारा यूनिवर्सिटी के निदेशक (प्रशासन) कर्नल रवि कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय ने कालूझिंडा मार्किट को गोद लेकर समय-समय पर विभिन्न जनहित एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित करता रहता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाना भी है। इसी सोच के साथ विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। प्लास्टिक की थैलियां और अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री वर्षों तक नष्ट नहीं होती, जिससे मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है, नालियां जाम होती हैं, जल स्रोत प्रदूषित होते हैं और पशु-पक्षियों के जीवन पर भी खतरा उत्पन्न होता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर प्लास्टिक के स्थान पर कागज अथवा कपड़े के बैग का उपयोग शुरू करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।
एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) अनिल राणा ने बताया कि अभियान के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किए गए कुल 400 कागज के बैग बाजार के दुकानदारों को वितरित किए गए। प्रत्येक दुकानदार को लगभग 25 से 30 कागज के बैग दिए गए और उनसे अनुरोध किया गया कि वे ग्राहकों को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर इन्हीं बैगों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में भागीदारी से कैडेट्स समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं और लोगों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान के दौरान कैडेट्स ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया तथा उन्हें बताया कि प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से खरीदारी के समय स्वयं कपड़े का थैला साथ रखने, प्लास्टिक की बोतलों और डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को अपनाने की अपील की।
बाजार के दुकानदारों ने विश्वविद्यालय और एनसीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे भविष्य में प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग कम करेंगे और ग्राहकों को भी पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स ने प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ हिमाचल के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12