नाहन: हिमाचल प्रदेश में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से सामने आया है, जहाँ के कोलर गांव के जंगलों में एक महिला की अधजली लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की हालत ऐसी है कि उसे पहचान पाना नामुमकिन हो रहा है। पुलिस इसे हत्या मानकर जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में आने वाले कोलर गांव के सुनसान जंगलों में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने एक महिला का जलता हुआ शव देखा। जब तक पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचते, महिला का शरीर करीब 90 फीसदी तक जल चुका था। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में यह मामला साफ तौर पर मर्डर का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने पहचान छुपाने की नीयत से महिला की हत्या कहीं और की और शव को ठिकाने लगाने के लिए इस सुनसान जंगल में लाकर आग के हवाले कर दिया। फिलहाल, घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए शिमला के जुन्गा से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास के गांवों में लापता महिलाओं का रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके। क्या यह आपसी रंजिश का मामला है या फिर इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह है? पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। लेकिन इस घटना ने हिमाचल की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।





