लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन शहर में पानी की किल्लत की खबरों के बीच जल शक्ति विभाग ने शहर की जलापूर्ति को लेकर ताजा आंकड़े और स्थिति स्पष्ट की है। विभाग का दावा है कि शहर में पानी की नियमित आपूर्ति के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सोलन शहर में पेयजल व्यवस्था को लेकर जल शक्ति विभाग पूरी तरह मुस्तैद होने का दावा कर रहा है। विभाग के सहायक अभियंता ए.एस. ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर को वर्तमान में गिरी उठाऊ जलापूर्ति और अश्वनी खड्ड योजना के माध्यम से पानी की सप्लाई दी जा रही है। वहीं आंकड़ों की बात करें तो, विभाग इन दोनों योजनाओं से शहर को हर दिन औसतन 82.69 लाख लीटर पेयजल उपलब्ध करवा रहा है। अगर पिछले 34 दिनों के रिकॉर्ड को देखें तो सोलन वासियों को कुल 2811.40 लाख लीटर पानी सप्लाई किया जा चुका है।उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा स्थापित पंपिंग प्रणाली की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि किसी व्यवधान की स्थिति में इन्हें तुरंत ठीक किया जा सके। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति में समस्या की शिकायत मिलने पर इनका शीघ्र निदान किया जा रहा है। सहायक अभियंता ने कहा कि गत 30 अप्रैल, 2026 को विद्युत आपूर्ति बाधित होने व तकनीकी व्यवधान के कारण पंपिंग प्रभावित होने से जलापूर्ति अस्थाई रूप से प्रभावित हुई थी। शेष समय में जलापूर्ति नियमित रखने के पूर्ण प्रयास किए गए हैं। ए.एस. ठाकुर ने लोगों से आग्रह किया कि जलापूर्ति के सम्बन्ध में सही तथ्यों पर ध्यान दें और परेशानी की स्थिति में विभाग को अवगत करवाएं ताकि समस्या को शीघ्र सुलझाया जा सके।





