
शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस नेता एवं कृषि उपज विपणन समिति (APMC) के चेयरमैन ललित ठाकुर ने अपनी ही सरकार में सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। ललित ने कुछ अज्ञात लोगों पर बार-बार पीछा करने के आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) चंबा विजय सकलानी को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की है। ललित ठाकुर ने पुलिस से मांग की कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी मंशा का पता लगाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मांग की कि सीसीटीवी कैमरे खंगालकर उनकी रेकी करने वाले संदिग्धों की पहचान की जाए। ललित ने बताया कि वह 2 मई को जब सरकारी गाड़ी से APMC कार्यालय बालू, चंबा से लौट रहे थे, तब एक संदिग्ध वाहन उनकी गाड़ी का पीछा कर रहा था। शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज किया, मगर कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट से उन्हें उनकी रेकी की जानकारी मिली। ललित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इससे पहले भी भरमौर से लौटते समय, कुछ दिन पूर्व लूना पुल क्षेत्र के पास रात्रि में उनकी गाड़ी का पीछा किया गया था।
ऐसा पहली बार नहीं हुआ
कांग्रेस नेता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी उन्हें ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। ललित ठाकुर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जब वह भरमौर से लौट रहे थे, तब रात के समय लूना पुल क्षेत्र के पास भी उनकी गाड़ी का पीछा किया गया था। लगातार हो रही ये घटनाएं ललित ठाकुर की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रही हैं और उन्होंने इसे हल्के में न लेने की बात कही है। उन्होंने मांग की है कि इन सभी घटनाओं की कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच की जाए और साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश किया जाए। APMC चेयरमैन ने इन लगातार हो रही घटनाओं को सामान्य मानने से इनकार करते हुए इसे एक अत्यंत गंभीर मामला बताया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में मांग की है कि इन घटनाओं के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या है, इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। ललित ठाकुर ने कहा कि जब तक आरोपियों की पहचान नहीं होती और उनकी मंशा स्पष्ट नहीं होती, तब तक उनकी सुरक्षा को लेकर आशंका बनी रहेगी। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।





