शिमला: हिमाचल प्रदेश हेडमास्टर्स कैडर ऑफिसर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की और उन्हें सम्मानित किया। प्रतिनिधिमण्डल ने हाल ही में 834 प्रधानाचार्यों की पदोन्नति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, इनमें 539 हेडमास्टर और 295 प्रधानाचार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा विभाग में एक साथ की गई अब तक की सबसे बड़ी पदोन्नति है। उन्होंने इस वर्ष 151 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की और इन स्कूलों के लिए शिक्षकों की पारदर्शी तरीके से तैनाती करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से सभी शिक्षकों को एक समान अवसर सुनिश्चित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया अत्यंत उत्साहजनक रही है, जिसका प्रमाण इन स्कूलों में विद्यार्थियों के बढ़ते नामांकन से स्पष्ट हो रहा है। वहीं प्रतिनिधिमण्डल के राज्य अध्यक्ष डॉ. रत्तन सिंह, महासचिव मुल्ख राज धीमान और वित्त सचिव बहादुर सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Day: May 5, 2026
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अंदर धमाका: हैदराबाद से आ रहा था विमान, कई यात्री घायल; मची अफरा-तफरी…
चंडीगढ़: हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान फ्लाइट में मोबाइल पावर बैंक फट गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में पांच लोगों के घायल होने की जानकारी है। फ्लाइट नंबर 6e108 बताया जा रहा है। हालांकि घायलों की संख्या अभी बढ़ने की संभावना है। जानकारी के मुताबकि फ्लाइट में 39-एफ सीट पर बैठे देवांश नाम के शख्स के पावर बैंक में लैंडिंग के दौरान अचानक आग लग गई। उसने इसकी जानकारी क्रू मेंबर्स को दी। इतनी देर में पावर बैंक फट गया। विमान दोपहर में 3 बजकर 32 मिनट पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड हुआ था और करीब 3 बजकर 35 मिनट पर फ्लाइट में मोबाइल पावर बैंक फट गया जिससे फ्लाइट के अंदर धुंआ फैल गया। मोबाइल पावर बैंक के फटने से फ्लाइट के अंदर भगदड़ मच गई। इस दौरान इमरजेंसी गेट खुला और वहां से कुछ यात्री नीचे उतरने लगे। इस दौरान मची भगदड़ के दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला के पांव में चोट आई है जिसे इलाज के जीरकपुर के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि महिला का इमरजेंसी में ऑपरेशन चल रहा है। हालांकि सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट से उतार गया है जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।
ममता बनर्जी ने इस्तीफा नहीं दिया तो क्या होगा? बंगाल में कैसे बनेगी नई सरकार,
दिल्ली : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला है। राज्य में पहली बार बीजेपी सरकार बनाने की तैयारी में है। ममता बनर्जी 15 साल तक बंगाल की मुख्यमंत्री रही हैं, लेकिन इस बार जब उनसे सत्ता छिनी तो वो अपनी विधानसभा सीट भी नहीं बचा पाईं।
कैसे मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ेंगी ममता बनर्जी?
ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा, ‘मैं चुनाव नहीं हारी हूं, हमें हराया गया है। ममता बनर्जी अगर इस्तीफा नहीं देती हैं तो भी राज्यपाल के पास पूरा हक है कि वो विधानसभा भंग कर दें। 7 मई को 17वीं बंगाल विधानसभा के कार्यकाल के समाप्त होने के बाद 8 मई को सदन भंग हो जाएगा, जिसके चलते सभी विधायकों की सदस्यता स्वतः ही रद हो जाएगी। इसके बाद ममता बनर्जी को इस्तीफा देना अनिवार्य भी नहीं है।
क्या कहता है नियम?
गुरुवार, 7 मई 2026 को 17वीं बंगाल विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में 7 मई के बाद ममता बनर्जी आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री मानी ही नहीं जाएंगी, क्योंकि विधानसभा के कार्यकाल के समाप्त होने के बाद नए मुख्यमंत्री का निर्वाचन जरूरी होता है। मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव भगवान देव इसरानी ने बताया, ‘किसी भी राज्य में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव आयोग नवनिर्वाचित विधायकों की अधिसूचना जारी करता है इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होती है। भगवान देव इसरानी ने आगे बताया, ‘बंगाल में जैसे ही चुनाव आयोग अधिसूचना जारी करेगा, विधानसभा का नया कार्यकाल शुरू हो जाएगा। नई सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद यदि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देती हैं, तो राज्यपाल उन्हें पद से बर्खास्त कर नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। दिल्ली हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकील डीके ने भी जागरण से बातचीत करते हुए बताया, ‘एक सरकार पांच साल के लिए आती है और पांच साल का कार्यकाल समाप्त हो जाने के बाद हमारे यहां एक्सटेंशन का कोई नियम नहीं है। फिर यही तरीका रहता है कि राष्ट्रपति शासन लगा दो और चुनाव करा दो, क्योंकि ऐसे तो कोई भी इस्तीफा देगा ही नहीं।’
हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकील ने आगे कहा, ‘अगर ममता बनर्जी इस्तीफा नहीं देंगी और अगर ऐसे तो हर कोई मुख्यमंत्री सोच ले कि वो इस्तीफा नहीं देगा, लेकिन जब कार्यकाल पूरा हो गया तो राज्यपाल उसके शासन को खत्म कर देगा।’
कांग्रेस विधायक के छोटे भाई का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार; CM सुक्खू ने जताया दुःख…
नालागढ़: नालागढ़ से विधायक हरदीप सिंह बावा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गहरे दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे छोटे भाई, मेरे दिल के बेहद करीब रमनदीप सिंह बावा (सम्मी) जिन्होंने पिछले 9 वर्षों से कोमा जैसी कठिन स्थिति में संघर्ष किया. आज हमें छोड़कर ईश्वर के चरणों में विलीन हो गए. यह हमारे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. मंगलवार सायं 4 बजे हमारे पैतृक गांव पिंजौर (राम बाग) में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और हमें इस दुःख को सहने की शक्ति दें. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विधायक हरदीप सिंह बावा के छोटे भाई रमनदीप सिंह बावा के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उनका गत सायं पिंजौर (हरियाणा) में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वे 43 वर्ष के थे. मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की. सोशल मीडिया पर भी लोगों ने विधायक के भाई के निधन का दुख जताया और कहा कि भाई की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता है. हिमचाल महिला आयोग की चेयरमैन विद्या नेगी ने रमनदीप की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनर का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ..
सोलन: उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि जनगणना कार्य को त्रुटिरहित रूप से पूर्ण करने में प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मनमोहन शर्मा आज यहां जनगणना-2027 के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। मनमोहन शर्मा ने जनगणना-2027 के लिए ज़िला सोलन में नियुक्त 38 फील्ड ट्रेनर को तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी फील्ड ट्रेनर इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी तरह समझें ताकि जनगणना करने में कोई कठिनाई न आए। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना संबंधित जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने ज़िला वासियों से आग्रह किया कि वह जनगणना अधिकारी को अपनी सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने में सहयोग करें, ताकि जनगणना कार्य को स्टीक रूप से पूर्ण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों का आह्वान किया कि वह इस कार्य को पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 में पहली बार स्व-गणना पद्धति प्रारंभ की जा रही है। इसमें व्यक्ति वेब पोर्टल www.census.gov.in@se के माध्यम से अपनी जानकारी प्रस्तुत कर सकते है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के मास्टर ट्रेनर डॉ. नरेश तथा राजकीय महाविद्यालय सोलन की रूपा कैथ द्वारा जनगणना संबंधी आवश्यक पहलुओं पर फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं नोडल अधिकारी जनगणना राहुल जैन, ज़िला मुख्यालय सोलन से जनगणना प्रभारी कोमल गर्ग और प्रियंका भारद्वाज उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने आईजीएमसी में एकीकृत मातृ एवं शिशु अस्पताल की संभावनाओं का पता लगाने के दिए निर्देश…
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार सायं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में एकीकृत मातृ एवं शिशु अस्पताल स्थापित करने की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिव आशीष सिंहमार के नेतृत्व में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में इस इकाई की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करेगी, ताकि इसका प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मेडिकल कॉलेजों में नैदानिक सेवाओं के दृष्टिगत मरीज़ों के लिए प्रतीक्षा अवधि को शून्य करने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग को सुझाव देने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में उन्नत एवं उच्च स्तरीय मशीनें और उपकरण स्थापित कर रही है तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त स्टाफ भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि नैदानिक प्रणाली को उन्नत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, क्योंकि यह मरीजों की बीमारियों की सही पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, जिससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित होती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा, पैरामेडिकल और तकनीकी स्टाफ के पद भी सृजित कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताएं हैं, ताकि प्रदेश के लोगों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने कहा कि इन दोनों क्षेत्रों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार इनमें व्यापक सुधार ला रही है। इस अवसर पर सचिव आशीष सिंहमार, विशेष सचिव स्वास्थ्य जितेंद्र सांजटा, इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सीता ठाकुर तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सोलन में पंजाब रोडवेज की बस से चिट्टा बरामद: कुल्लू का 25 वर्षीय युवक 11.07 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार…
लाइव हिमाचल/सोलन: नशे के खिलाफ सोलन पुलिस का अभियान लगातार जारी है। जिला पुलिस की विशेष इकाई यानी SIU टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशे की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। यह मामला 30 अप्रैल 2026 का है। जब SIU की टीम सोलन शहर में गश्त और अपराध रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता जानकारी मिली कि पंजाब रोडवेज की एक बस में नशा ले जाया जा रहा है। जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शमलेच के पास नाकाबंदी की और बस की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान बस में सवार एक 25 वर्षीय युवक के कब्जे से 11.07 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद की गई। वहीं आरोपी की पहचान लोकराज पुत्र रोशन लाल निवासी गांव व डा0 पोशना तहसील निरमण्ड जिला कुल्लु हि0प्र0 व उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस थाना सदर सोलन में NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहाँ से आई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
बंगाल में कांग्रेस की करारी शिकस्त पर बोले जयराम ठाकुर : “जहाँ-जहाँ पैर रखते हैं सुक्खू, वहाँ हारती है कांग्रेस; बंगाल में प्रत्याशी को मिले मात्र 650 वोट…
लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल की सियासत में जुबानी जंग अब और तेज हो गई है। मंडी में पार्टी के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जमकर निशाना साधा है। मंडी में पार्टी के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि अब प्रदेश के साथ ही देश भर की जनता भी यह जान चुकी है कि सीएम सुक्खू सिर्फ झूठ बोलते हैं। इसलिए उनकी बातों और बहकावों में कोई नहीं आता। जयराम ठाकुर का दावा है कि सीएम सुक्खू कांग्रेस के लिए ‘अनलकी’ साबित हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल में जहां सीएम सुक्खू चुनाव प्रचार करने गए थे, वहां कांग्रेस प्रत्याशी की हालत देखिए। उसे मात्र 650 वोट मिले और जमानत तक जब्त हो गई। अब यह साफ हो गया है कि सुक्खू जी जहां-जहां प्रचार के लिए पैर रखते हैं, वहां कांग्रेस की हार निश्चित हो जाती है। जयराम ठाकुर ने केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि असम का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ अब देश की जनता भी जान चुकी है कि मुख्यमंत्री सिर्फ झूठ के दम पर राजनीति करते हैं। उनके बहकावे में अब कोई नहीं आता, यही वजह है कि उनके प्रचार का पार्टी को कोई फायदा नहीं मिल रहा। असम में भी सीएम के प्रचार का पार्टी को कोई फायदा नहीं मिला। जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस ईवीएम के दम पर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी आज उसी ईवीएम को बाकी राज्यों में हार का कारण बताया जा रहा है। सीएम सुक्खू और कांग्रेस पार्टी का यही रवैया हो गया है कि जहां-जहां हार मिले वहां-वहां हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ दो। देश भर में ईवीएम के माध्यम से एक बार नहीं अनेकों बार चुनाव हुए हैं और सभी चुनावों को पूरी पारदर्शिता से संपन्न करवाया गया है। इसमें खुद कांग्रेस की सरकारें कई राज्यों में बनी हैं। लेकिन हार के समय ईवीएम पर दोष देना सही नहीं है।
लोकसेवा आयोग की वेबसाइट पर अब हर भारतीय भाषा में मिलेगी जानकारी…
शिमला: हिमाचल प्रदेश लोकसेवा आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट को बहुभाषी बनाने का फैसला लिया है। इसके लिए भाषिणी टूल्स (नेशनल लैंग्वेज ट्रांसलेशन मिशन) का एकीकरण शुरू कर दिया गया है। इस पहल से अब वेबसाइट पर उपलब्ध हर महत्वपूर्ण जानकारी विभिन्न भारतीय भाषाओं में पढ़ी और समझी जा सकेगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अभ्यर्थी अपनी पसंद की भाषा में भर्ती से जुड़ी सूचनाएं, आवेदन प्रक्रिया और दिशा-निर्देश आसानी से देख सकेंगे। इससे खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा, जिन्हें अंग्रेजी या हिंदी में जानकारी समझने में कठिनाई होती है। अब भाषा किसी भी प्रतिभा के आगे बाधा नहीं बनेगी। आयोग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, समावेशी और नागरिक-केंद्रित बनाना है। भाषिणी टूल्स के माध्यम से कंटेंट का अनुवाद और इंटरैक्शन सरल होगा, जिससे अभ्यर्थियों को आवेदन भरने से लेकर परीक्षा प्रक्रिया तक हर चरण को समझने में आसानी होगी। इससे गलतियों की संभावना भी कम होगी। आयोग पहले ही अपनी वेबसाइट पर दिव्यांगजनों सहित सभी वर्गों के लिए कई एक्सेसिबिलिटी फीचर्स लागू कर चुका है। अब बहुभाषी सुविधा जुड़ने से प्लेटफॉर्म और अधिक उपयोगी और समावेशी बन जाएगा। हर साल हजारों अभ्यर्थी आयोग की परीक्षाओं में भाग लेते हैं। नई सुविधा लागू होने के बाद आवेदन प्रक्रिया समझना आसान होगा। नोटिफिकेशन और दिशा-निर्देश स्पष्ट होंगे। भाषा के कारण होने वाली गलतियां कम होंगी। आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने कहा कि आधुनिक भाषा तकनीकों को अपनाकर आयोग अपनी सेवाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंडी में रफ्तार का कहर : कार सवार 3 युवकों की मौत 2 की हालत गंभीर; सड़क किनारे मशीनरी से हुई टक्कर…
मंडी: जिला मंडी में एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत सोमवार रात यह हादसा हुआ। एचपी 82-8322 नंबर की कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार युवक नेरचौक से सुंदरनगर की ओर तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की प्राथमिक उपचार के दौरान ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनिल कुमार उम्र 28 निवासी पलाही, रोहित कुमार उम्र 26 निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार उम्र 35 निवासी पलाही उपमंडल बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हरीश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।