Home » Uncategorized » Himachal Weather: हिमाचल के 5 जिलों में आज ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 3 मई तक बारिश के आसार..

Himachal Weather: हिमाचल के 5 जिलों में आज ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 3 मई तक बारिश के आसार..

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है. राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है. मंगलवार सुबह शिमला में तेज आंधी चली, जबकि सोलन के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ओलावृष्टि और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

आज 5 जिलों में भारी ओलावृष्टि का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले के कुछ इलाकों में भारी ओलावृष्टि की संभावना है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. IMD का कहना है कि प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है. इस दौरान कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) बुधवार को और ज्यादा सक्रिय होगा. इसके चलते कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. 30 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 1 मई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है. हालांकि 2 मई को मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 3 मई को फिर से बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं.

गर्मी और सूखे जैसे हालात से मिलेगी राहत
प्रदेश के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है. ऊना, कांगड़ा और कुल्लू के भुंतर क्षेत्र में लगातार हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है. बारिश और ओलावृष्टि के बाद अगले सप्ताह तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. प्रदेश में ऊना सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बिलासपुर में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया है. कांगड़ा में तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया. वहीं शिमला का तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा 27.5 डिग्री और मनाली का तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *