Home » Uncategorized » सिक्किम दौरे पर पीएम मोदी, गंगटोक में ‘दोस्तों’ संग खेला फुटबॉल; देखिए खूबसूरत तस्वीरें

सिक्किम दौरे पर पीएम मोदी, गंगटोक में ‘दोस्तों’ संग खेला फुटबॉल; देखिए खूबसूरत तस्वीरें

नेशनल डेस्क: उत्तरपूर्वी राज्य सिक्किम के दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अलग ही रूप नजर आया। राज्य को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने से पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री गंगटोक में युवाओं संग फुटबॉल खेलते नजर आए। राजधानी में सुबह-सुबह फुटबॉल खेलकर प्रधानमंत्री ने माहौल को जोश और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। उन्होंने खुद ही इस पल की कुछ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने एक्स पर युवाओं संग फुटबॉल खेलने की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “सिक्किम के गंगटोक की खूबसूरत सुबह में अपने युवा साथियों के साथ फुटबॉल खेलना सच में एक अलग ही आनंद देता है! इन बच्चों के साथ यह ऊर्जावान फुटबॉल सत्र बेहद ताजगी भरा रहा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने सोमवार को गंगटोक में रोड शो किया, जहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शहर की सड़कों पर लोगों ने उत्साह के साथ नारे लगाए और उनके काफिले का अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचे हैं, जहां वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। आज प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे। राज्य की जैविक और पुष्पीय विरासत को प्रदर्शित करने के लिए स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क को विश्वस्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में शामिल होंगे, जहां वे 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

इस अवसर पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जिनका उद्देश्य सिक्किम में समग्र और समावेशी विकास को गति देना है। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री यंगांग (नामची जिला) में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। साथ ही,नामग्याल तिब्बत अध्ययन संस्थान, देउराली में 30 बेड के एकीकृत सोवा-रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन करेंगे, जिससे पारंपरिक चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। शिक्षा क्षेत्र में वे यांगांग में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्टता विश्वविद्यालय (चाकुंग) के प्रशासनिक भवन, हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज, डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज (ग्यालशिंग) और अन्य कई संस्थानों का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा 160 स्कूलों में आईटी-सक्षम शिक्षा परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे। कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री तिस्ता नदी पर सिरवानी और लोअर समदोंग में दो स्टील आर्च पुलों का शिलान्यास करेंगे, जिससे नामची और गंगटोक जिलों के बीच संपर्क बेहतर होगा। साथ ही बिर्धांग से नामची तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिससे आवागमन और माल ढुलाई सुगम होगी। ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री गंगटोक में ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के उन्नयन और आधुनिकीकरण परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *