Home » Uncategorized » हिमाचल गौरव महामहोपाध्याय प्रो. केशवराम शर्मा के सम्मान में अभिनंदन ग्रंथ “केशवकीर्तिकौस्तुभ” का प्रकाशन

हिमाचल गौरव महामहोपाध्याय प्रो. केशवराम शर्मा के सम्मान में अभिनंदन ग्रंथ “केशवकीर्तिकौस्तुभ” का प्रकाशन

सोलन: संस्कृत साहित्य एवं विद्वत् परम्परा के लिए अत्यन्त हर्ष व गौरव का विषय है कि महाकवि श्रीहर्ष सम्मान से सम्मानित, अभिनव कालिदास, विद्यावाचस्पति, राष्ट्रपति पुरस्कृत, अखिल भारतवर्ष के वरिष्ठ संस्कृत विद्वान्, प्रख्यात कवि, दार्शनिक, आदर्श शिक्षक एवं हिमाचल प्रदेश के गौरव महामहोपाध्याय प्रो. केशवराम शर्मा जी के साहित्यिक, शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक योगदान पर केंद्रित अभिनन्दन ग्रन्थ “केशवकीर्तिकौस्तुभ” का प्रकाशन हिमाचल संस्कृत मनीषी मण्डल तथा अभिनंदन ग्रन्थ समिति द्वारा चौखम्बा सुरभारती प्रकाशन, दिल्ली से किया गया है। यह प्रकाशन संस्कृत जगत् में एक ऐतिहासिक एवं अनुपम उपलब्धि मानी जा रही है।

“केशवकीर्तिकौस्तुभ” नामक यह अभिनन्दन ग्रन्थ वस्तुतः एक कीर्ति-कौस्तुभ है, जो प्रो. केशवराम शर्मा जी की बहुमुखी प्रतिभा, विद्वत्ता, कवित्व, दार्शनिक गहराई, गुरु-निष्ठा, अध्यापन कला, समाजसेवा एवं संस्कृत भाषा के प्रति अद्वितीय योगदान का सजीव दर्पण प्रस्तुत करता है। ‘कौस्तुभ’ वह दिव्य मणि है, जो भगवान विष्णु के वक्षःस्थल पर शोभायमान होती है। इसी प्रकार यह ग्रन्थ प्रो. केशवराम शर्मा जी की कीर्ति रूपी मणि को संस्कृत जगत् के वक्षःस्थल पर सदा के लिए प्रतिष्ठित करता है। इस अभिनंदन ग्रन्थ का सम्पादन हिमाचल प्रदेश के युवा संस्कृत साहित्यकार आचार्य सुरेश शर्मा भारद्वाज, सहायक आचार्य – साहित्य विभाग, तारिणी राजकीय स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय सोलन, सह सम्पादन इसी संस्था के व्याकरण विभाग के सहायक आचार्य डॉ. भानु शर्मा तथा प्रबन्ध संपादन श्रीलाल बहादुर शास्त्री केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय दिल्ली के वेद विभागाध्यक्ष महामहोपाध्याय प्रो. देवेंद्र मिश्र ने किया है। पाँच अध्यायों में गुम्फित इस विशाल ग्रन्थ में प्रो. केशवराम शर्मा के व्यक्तित्व, कर्तृत्व, आदर्श जीवन, प्राप्त सम्मानों, विभिन्न संस्मरणों तथा शिष्य प्रशिष्यों द्वारा लिखित अनेकों शोधपरक आलेखों सहित देश-विदेश के अनेक जगद्गुरुओं, महात्माओं, शंकराचार्यों, कुलपतियों, विशिष्ट विद्वानों, प्राध्यापकों एवं संस्कृतानुरागियों के मूल्यवान आशीर्वचन, मङ्गलवचन, शुभानुध्यान, लेख एवं विचार संकलित किए गए हैं। इनमें प्रमुख हैं- जगद्‌गुरु शंकराचार्य अवधेशानन्द गिरि, जगद्‌गुरु रामभद्राचार्य, स्वामी परमानन्द, राजगुरु बद्रीप्रपन्नाचार्य, स्वामी देवादित्यानन्द सरस्वती, स्वामी ब्रह्माश्रम, अनिरुद्धाचार्य, प्रो. मुरलीमनोहर पाठक, प्रो. बिहारीलाल शर्मा, प्रो. श्रीनिवास वरखेडी, डॉ. कामेश्वर उपाध्याय, प्रो. वसुधा त्रिपाठी, प्रो. गोपालचन्द्र शास्त्री तथा प्रो. केदारप्रसाद परोहा इत्यादि।

अभिनंदित प्रो. केशवराम शर्मा जी का जन्म 15 नवम्बर 1940 (विक्रम संवत् 1997, मार्गशीर्ष कृष्णा भौमवार) को हिमाचल प्रदेश के शिमला जिलान्तर्गत ठियोग तहसील के जराशी ग्राम में शाण्डिल्य गोत्रीय, माध्यन्दिनी शाखाध्यायी, यजुर्वेदी विशुद्ध सनातनी ब्राह्मण परिवार में हुआ है। उनके पिता श्री जयवन्त राम शर्मा एवं माता श्रीमती बुद्धिदेवी थे। प्रारम्भिक शिक्षा के पश्चात् उन्होंने पण्डित रतीराम शर्मा, आचार्य दिवाकर दत्त, महामहोपाध्याय परमेश्वरानन्द, डॉ. शशिधर, डॉ. बलजिन्नाथ जैसे प्रख्यात विद्वानों से ज्योतिष, कर्मकाण्ड, दर्शन एवं संस्कृत साहित्य की शिक्षा प्राप्त की। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियाँ अत्यन्त गौरवपूर्ण रही हैं- राजकीय नेहरू संस्कृत महाविद्यालय, शिमला से शास्त्री की उपाधि (1960), पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़ से दर्शनाचार्य की उपाधि प्रथम स्थान सहित (1963), हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से एम.ए. (संस्कृत) (1972) एवं एम.फिल. (संस्कृत) (1977) – दोनों ही उपाधियाँ स्वर्ण पदक सहित प्रथम श्रेणी में प्राप्त कीं।

अध्यापन के क्षेत्र में उन्होंने राजकीय तारिणी स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय, सोलन (1964-1974), राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुल्लू (1974-1979), राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोलन (1979-1996) तथा एस.सी.ई.आर.टी., सोलन (1996-1998) में कार्य करते हुए कुल 33 वर्ष 6 मास तक अध्यापन किया। इस दीर्घ अवधि में उन्होंने हजारों शिष्यों का सृजन किया, जिनमें से अनेक आज देश-विदेश में संस्कृत प्रचार-प्रसार में रत हैं। उनकी प्रमुख रचनाओं में ‘हिमाचल वैभवम्’ (महाकाव्य), ‘शतक-चतुष्टयम्’, ‘भारतीय दर्शन’ (हिन्दी), ‘तरणि त्रयम्’ आदि प्रमुख हैं। उन्हें राष्ट्रपति सम्मान, महामहोपाध्याय, अभिनव कालिदास, महाकवि श्रीहर्ष, विद्यावाचस्पति, हिमाचल गौरव आदि अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हैं।

ग्रन्थ के प्रकाशन पर संस्कृत जगत् के विद्वानों ने हर्ष व्यक्त किया है। काशी विद्वत् परिषद् के अध्यक्ष ने कहा कि यह ग्रन्थ प्रो. केशवराम शर्मा जी की विद्वत्ता का सच्चा मूल्यांकन है। श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रिय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति ने इस ग्रन्थ को संस्कृत साहित्य में एक मील का पत्थर बताया। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की धरती ने प्रो. केशवराम शर्मा जी जैसा रत्न उत्पन्न कर गौरवान्वित किया है। ग्रन्थ का प्रकाशन चौखम्बा सुरभारती प्रकाशन, दिल्ली के श्री नीरज गुप्ता जी ने सफलतापूर्वक किया है। ग्रन्थ प्रकाशन में हिमाचल संस्कृत मनीषी मण्डल का विशेष सहयोग रहा है। “केशवकीर्तिकौस्तुभ” यह नाम सार्थक है – यह वस्तुतः कीर्ति रूपी कौस्तुभ मणि है, जो संस्कृत जगत् में सदा प्रकाशमान रहेगा। यह अभिनन्दन ग्रन्थ केवल एक सम्मान ग्रन्थ ही नहीं है, अपितु संस्कृत साहित्य, दर्शन, शिक्षा पद्धति, गुरु-शिष्य परम्परा एवं भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यह शोधार्थियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं सभी संस्कृत प्रेमियों के लिए सदा मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत रहेगा। सूत्रों के अनुसार इस ग्रन्थ का विमोचन समारोह शीघ्र ही आयोजित किये जाने की सम्भावना है, जिसमें देशभर के विद्वान् एवं गणमान्य व्यक्ति सम्मिलित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12