लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन जिले के दाड़लाघाट में पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। चरस तस्करी के मामले में पुलिस ने ‘बैकवर्ड लिंकेज’ का पीछा करते हुए मुख्य सप्लायर को कुल्लू से धर दबोचा है।21 अप्रैल 2026 को जब दाड़लाघाट पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गाँव ‘खाता’ में एक किराए के कमरे पर दबिश दी थी। उस दौरान एक नेपाली मूल के युवक के पास से 491 ग्राम चरस बरामद की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जब अदालत से 4 दिन का पुलिस रिमांड मिला, तो गहन पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए। पुलिस को पता चला कि नशे की यह खेप जिला कुल्लू के ‘जेरी’ गाँव से एक अन्य नेपाली व्यक्ति से खरीदी गई थी। दाड़लाघाट पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए बैंक ट्रांजेक्शन की डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने कल यानी 23 अप्रैल को कुल्लू के जेरी गाँव में छापेमारी की और 41 वर्षीय मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आज, यानी 24 अप्रैल 2026 को, गिरफ्तार किए गए इस दूसरे आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है ताकि नशे के इस काले कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।



