शिमला : हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के पपरोला स्थित राजीव गांधी गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट आयुर्वेदिक कालेज एवं अस्पताल और छोटा शिमला स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अस्पताल में आयुर्वेदिक स्पा थेरेपिस्ट (पंचकर्म) कोर्स की सीटें बढ़ेंगी। आयुष विभाग के तहत 12 जिला व सरकारी अस्पतालों में इस कोर्स को शुरू करने के प्रस्ताव को राज्य व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) की गवर्निंग काउंसिल ने सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। शिमला में आयोजित गवर्निंग काउंसिल की नौवीं बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। बैठक में वर्ष 2026-27 के वित्तीय बजट को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण सचिव डा. अभिषेक जैन ने पिछली बैठक के निर्णयों पर हुई कार्रवाई रिपोर्ट की समीक्षा की गई और प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। बैठक में आयुष विभाग के आयुर्वेदिक स्पा थेरेपिस्ट (पंचकर्म) कोर्स का नाम बदलकर पंचकर्म तकनीशियन कोर्स करने के प्रस्ताव पर सुझाव दिया गया। इसके अतिरिक्त काउंसिल ने एक वर्षीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम हार्टिकल्चर, प्राकृतिक/जैविक खेती और डेरी टेक्नोलॉजी को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान घुमारवीं, जुब्बल, रिकांगपिओ, रैल, ठियोग और शाहपुर में शुरू करने की अनुमति दी। ये पाठ्यक्रम राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप होंगे और कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देंगे।





