लाइव हिमाचल/कसौली: रोस्टर क्या आया, कसौली के कई ‘भावी प्रधानों’ की तो रातों की नींद उड़ गई। कल तक जो लोग हाल-चाल नहीं पूछते थे, आज वो फेसबुक पर हाथ जोड़े फोटो डाल रहे हैं। कोई विकास गिना रहा है, तो कोई ‘नया सवेरा’ लाने का वादा कर रहा है। लेकिन सावधान! कसौली का वोटर अब चतुर है। वो जानता है कि चुनाव के समय गली की सफाई कराने वाले और चुनाव के बाद गायब होने वाले कौन हैं। इस बार लड़ाई न नशे की है, न कब्जों की—इस बार लड़ाई है कसौली के भविष्य की। रोस्टर जारी होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में हलचल तेज हो गई है। कई दिग्गज उम्मीदवार जो पिछले काफी समय से तैयारी कर रहे थे, आरक्षण के चलते चुनाव की रेस से बाहर हो गए हैं। उनके लिए अब चुनाव लड़ना महज एक सपना बनकर रह गया है। वहीं जिन सीटों पर समीकरण पक्ष में बैठे हैं वहां भावी उम्मीदवारों ने जनता से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। कई जगह पंचायतों के विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित होने के चलते चुनाव लड़ने वाले कई लोगों का केवल सपना रह गया है। अभी चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान तो नहीं हुआ है, लेकिन फेसबुक और व्हाट्सएप पर चुनावी जंग शुरू हो चुकी है। रोस्टर आते ही उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस महीने के अंतिम सप्ताह तक चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है। वहीं इस बार मैदान में दो तरह के दावेदार हैं। एक तरफ वे पूर्व प्रतिनिधि हैं जो अपने पिछले कार्यकाल के विकास कार्यों के दम पर फिर से जनता के बीच जा रहे हैं। तो दूसरी तरफ वे नए चेहरे हैं जो बदलाव की उम्मीद लेकर भाग्य आजमाना चाहते हैं। गौरतलब है कि पिछली पंचायतों का कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो चुका है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश हैं कि 31 मई से पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। इसी कड़ी में जारी हुए इस रोस्टर ने अब चुनावी रण की तस्वीर पूरी तरह साफ कर दी है। गुपचुप बैठकों का दौर शुरू हो चुका है और वोटरों को रिझाने की कोशिशें जारी हैं। देखना यह होगा कि कसौली की जनता विकास को चुनती है या बदलाव को।





