Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश में मौसम ने लिया यू-टर्न: कुल्लू-मनाली में बर्फबारी का अलर्ट, कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी…

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने लिया यू-टर्न: कुल्लू-मनाली में बर्फबारी का अलर्ट, कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी…

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के महीने में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कुल्लू, शिमला, कांगड़ा सहित कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. प्रदेश में सुबह और दोपहर तक कई इलाकों में तेज धूप रही, जिससे तापमान में हल्की गर्माहट महसूस की गई. हालांकि दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में बारिश शुरू हो गई, जिससे ठंडक बढ़ गई. राजधानी शिमला, लाहौल-स्पीति, चंबा और कांगड़ा में भी मौसम का यही रुख देखने को मिला. सोमवार को सोलन, सिरमौर, शिमला, मंडी, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में बारिश दर्ज की गई. इस दौरान ताबो में 39 किमी/घंटा, सेऊबाग में 37 किमी/घंटा और सुंदरनगर में 33 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं.

तापमान में गिरावट, ऊना सबसे गर्म
मौसम बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम और अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया. ताबो में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम रहा, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. कुल्लू-मनाली, कांगड़ा, मंडी, सोलन और शिमला जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जो 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक 11 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. 9 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 10 से 12 अप्रैल के बीच ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *