गुवाहाटी : असम की राजधानी गुवाहाटी स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने असम की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि असम में भाजपा सरकार, प्रदेश की संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि असम सरकार ने अडानी पावर के साथ 6000 मेगावाट विद्युत उत्पादन का समझौता किया है, जो असम की जनता के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि पावर परचेज एग्रीमेंट 6.30 रुपए प्रति यूनिट की दर पर किया गया है, जबकि सौर ऊर्जा परियोजनाओं से बिजली 2.50 से 3 रुपए प्रति यूनिट के बीच उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस समझौते में अनियमितताओं की आशंका है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि असम में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे सभी मामलों की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सुक्खू ने राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि यदि असम में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो ऐसे सभी मामलों की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से असम में भाजपा सत्ता में है, लेकिन इसके बावजूद राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जाति और धर्म के आधार पर राजनीति करती रही है, लेकिन इस बार जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी और भाजपा अपने इरादों में सफल नहीं होगी। हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2.83 लाख रुपये तक पहुंच गई है, जो राष्ट्रीय औसत से करीब 64 हजार रुपये अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है और अति गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है। इस मौके पर असम कांग्रेस कमेटी के मीडिया अध्यक्ष यदोव्रत बोरा और पार्टी प्रवक्ता महिमा सिंह भी मौजूद रहीं।





