ऊना : जिला ऊना के निकट भड़ौलियां में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। दिल्ली से दौलतपुर चौक जा रही हिमाचल एक्सप्रैस ट्रेन की चपेट में आने से 50 से अधिक भेड़-बकरियों की कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक का मंजर बेहद खौफनाक था, जहां दूर-दूर तक खून और जानवरों के अंग बिखरे पड़े थे। लाखों का नुक्सान होने के बावजूद कानूनी कार्रवाई के डर से भेड़पालक मौके से गायब हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह निचले क्षेत्रों में आया एक भेड़पालक अपने रेवड़ (भेड़-बकरियों के झुंड) को लेकर रेलवे लाइन क्रॉस करवा रहा था। इसी दौरान दिल्ली से हिमाचल एक्सप्रैस ट्रेन वहां आ पहुंची। इससे पहले कि भेड़-बकरियों को ट्रैक से हटाया जा सकता, ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई। इस भयंकर हादसे में 50 से ज्यादा भेड़-बकरियां ट्रेन के पहियों के नीचे आकर कट गईं। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम सब इंस्पैक्टर सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में घटनास्थल पर पहुंची। इस दर्दनाक हादसे में भेड़पालक का लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। रेलवे पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की, लेकिन देर शाम तक यह पता नहीं चल सका कि इनका मालिक कौन है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि अभी तक किसी भी भेड़पालक ने रेलवे पुलिस या प्रशासन के पास कोई लिखित शिकायत या मुआवजे का दावा पेश नहीं किया है।
रेलवे पुलिस चौकी ऊना के मुख्य आरक्षी मोहिंद्र पाल सिंह ने बताया कि भेड़ और बकरियां किसकी थीं और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचीं, इसकी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।





