कसौली/हेमेंद्र कँवर : समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘आपकी आवाज पटटा महलोग’ ने एक बार फिर बेसहारा और जरूरतमंदों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मानवीय संवेदनाओं की एक नई इबारत लिखी है। ग्राम पंचायत गोयला के बड्डू चयाला गांव की निवासी प्रीति कंवर, जो आर्थिक तंगी के कारण एक अदद छत के लिए संघर्ष कर रही थीं, अब उनके सपनों का आशियाना बनने की राह प्रशस्त हो गई है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई मुहिम, धरातल पर पहुंची मदद
संस्था के संस्थापक राजू शर्मा ने बताया कि बेटी प्रीति कंवर ने जब अपनी व्यथा संस्था तक पहुंचाई, तो बिना समय गंवाए टीम ने उनके घर का दौरा किया। मौके की स्थिति को देखते हुए जनता से सहयोग की अपील की गई, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला। राजू शर्मा, रणेश राणा और किशोर ठाकुर ने स्वयं मौके पर जाकर प्रीति बेटी से मुलाकात की और एकत्रित की गई सहायता राशि प्रदान की:
संस्था और आम जनता के माध्यम से एकत्रित 21,000 रुपये प्रीति के खाते में गूगल-पे के माध्यम से ट्रांसफर किए गए।
शर्मा ट्रेडिंग बद्दी:
बद्दी की प्रसिद्ध फर्म शर्मा ट्रेडिंग द्वारा दिया गया 21,000 रुपये का चेक भी बेटी को सौंपा गया।
रणेश राणा व किशोर ठाकुर: दोनों समाजसेवियों ने मौके पर ही 5,000 रुपये की आर्थिक मदद की और भविष्य में भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पटटा महलोग के एक स्थानीय निवासी ने परिवार के लिए राशन की व्यवस्था कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतियों पर चर्चा
इस अवसर पर राजू शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की समस्या नहीं है। पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे कई परिवार हैं जो आज भी नर्क जैसी परिस्थितियों में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने वर्तमान व पूर्व विधायकों और आगामी पंचायत व जिला परिषद चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों से अपील की कि वे राजनीति से ऊपर उठकर ऐसे जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।
जनता से अपील
संस्था ने स्थानीय बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं पर भी एकजुट होने का आह्वान किया। राजू शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि प्रीति बेटी के घर निर्माण में ज्यादा से ज्यादा सहयोग करें ताकि उनका आशियाना जल्द से जल्द बनकर तैयार हो सके।





