Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, जानें आगामी दिनों का पूर्वानुमान

हिमाचल प्रदेश में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, जानें आगामी दिनों का पूर्वानुमान

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद मौसम साफ होते ही जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है. धूप निकलने के साथ ही लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने का काम तेज कर दिया है. सामरिक दृष्टि से अहम शिंकुला दर्रा (लाहौल-स्पीति) को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है. हालांकि, कुल्लू जिले में अभी भी 34 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने का प्रयास लगातार जारी है. मौसम साफ होने के बावजूद प्रदेश में कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिली है. न्यूनतम तापमान में आई तेज गिरावट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
-कुकुमसेरी (लाहौल-स्पीति) प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहाँ तापमान -14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
-ताबो में तापमान -11.4 डिग्री,
-शिमला और मंडी में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस रहा. बर्फबारी के बाद कुल्लू घाटी में हालात लगभग सामान्य हो चुके हैं और अब केवल 2 डीटीआर ही प्रभावित हैं. वहीं, मैदानी इलाकों में घना कोहरा बड़ी चुनौती बना हुआ है.
-बिलासपुर और सुंदरनगर में घने कोहरे का असर देखा गया.
-मंडी में मध्यम कोहरे के कारण सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम पूर्वानुमान: फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. भाखड़ा बांध क्षेत्र (बिलासपुर), हमीरपुर और मंडी की बल्ह घाटी में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. 7 और 8 फरवरी को अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से 10 और 11 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है. प्रशासन ने ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को फिसलन, ठंड और मौसम के अचानक बदलाव को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *