Home » Uncategorized » मंत्री धनी राम शांडिल ने चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए निर्देश…

मंत्री धनी राम शांडिल ने चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए निर्देश…

शिमला : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज़ कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीएमएससीएल) की स्पैशल हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बना रही है ताकि प्रत्येक मरीज को उसके घर-द्वार पर उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सके।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई है और लगभग 1,110 करोड़ रुपये खर्च कर स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट, ट्रॉमा सेंटर, कैंसर डे-केयर, चिकित्सा महाविद्यालयों और आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों सहित पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य अवसंरचना को सशक्त बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के सहयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए 1,710 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि द्वितीय चरण में 1,617 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति के लिए भेजा गया है, जिससे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य अवसंरचना को और सुदृढ़ किया जाएगा। डॉ. शांडिल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण खरीद सुनिश्चित करने में एचपीएमएससीएल की भूमिका अहम है। उन्होंने अधिकारियों को चिकित्सा उपकरणों एवं सामग्री की निविदा और खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में नैदानिक सेवाओं को सुदृढ़ करने और उन्नत चिकित्सा उपकरणों की खरीद पर विशेष बल दिया गया। इनमें लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट, शल्य चिकित्सा उपकरण, एफईएसएस एंडोस्कोपी यूनिट, मल्टी पैरा मॉनिटर्स सहित अन्य आधुनिक उपकरण शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करवा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और अत्याधुनिक उपचार राज्य में ही मिले, ताकि उन्हें इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े और समय व धन दोनों की बचत हो। बैठक के दौरान ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य इकाइयों के लिए बायोमेडिकल उपकरणों की खरीद, 13 सिंगल पंचर लैप्रोस्कोप की आपूर्ति तथा हमीरपुर, टांडा चिकित्सा महाविद्यालयों और अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी, चमियाना में ट्रैक-आधारित एकीकृत लैब ऑटोमेशन सिस्टम की स्थापना से संबंधित निविदा दस्तावेजों को स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, मिशन निदेशक एनएचएम प्रदीप कुमार ठाकुर, एचपीएमएससीएल के प्रबंध निदेशक दिव्यांशु सिंगल, निदेशक स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन सुनील शर्मा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान राकेश शर्मा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *