
शिमला:हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर बिगड़ने के संकेत दे रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है. खासकर ऊंचे पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की गई है. बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद प्रदेश में हालात अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं और अब नया पश्चिमी विक्षोभ लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है.शिमला समेत कई इलाकों में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली है और सड़कों की बहाली व बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने के कार्यों में तेजी आई है। आज कुछ स्थानों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी हुई है। मनाली में खराब मौसम के चलते आज भी शिक्षण संस्थान बंद हैं। मनाली शहर और आसपास के कई गांवों में 18 घंटों से अधिक समय से ब्लैकआउट है। बिजली गुल होने के साथ पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गई है। होटल, रेस्टोरेंट और घरों में लोग बर्फीली ठंड के बीच पानी और बिजली के लिए जूझ रहे हैं। शिमला के कुफरी में बर्फ के दीदार के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 3.2, सुंदरनगर 3.5, भुंतर 3.1, कल्पा -3.6, धर्मशाला 4.6, ऊना 5.4, नाहन 7.3, पालमपुर 2.0, सोलन 1.4, मनाली -0.9, कांगड़ा 4.5, मंडी 6.3, बिलासपुर 7.5, हमीरपुर 5.0, जुब्बड़हट्टी 4.2, कुफरी 1.0, कुकुमसेरी -8.5, नारकंडा 1.0, भरमाैर -5.0, रिकांगपिओ -0.4, सेऊबाग 1.8, बरठीं 6.8, चाैपाल 1.0, कसाैली 5.2, पांवटा साहिब 9.0, सराहन -0.3, देहरा गोपीपुर 9.0, ताबो -9.8, मशोबरा 2.4 व बजाैरा में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने की संभावना है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 30 जनवरी को उच्च पर्वतीय कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 31 जनवरी से 3 फरवरी तक राज्य के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 1 फरवरी को बिजली चमकने अंधड़, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। 4 फरवरी को पूरे प्रदेश में धूप खिली रहने की संभावना है। 29 और 30 जनवरी को सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है।





