प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में करीब 40 मिनट तक चली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में आगामी संसदीय कार्यवाही और कई बड़े विधायी प्रस्तावों पर मुहर लग गई है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट ने परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक को मंजूरी दे दी है, जिसमें सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात में 50 फीसदी की वृद्धि का प्रस्ताव है और यह सीमा वर्ष 2051 तक लागू रहेगी, इसके साथ ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को भी स्वीकृति दी गई है, जिसके तहत एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। इस विशेष सत्र के तहत लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर को संपन्न होगी। सियासी गलियारों में इस बिल को लेकर हलचल तेज है और सूत्रों का दावा है। कि सरकार ने लगभग 355 सांसदों का समर्थन जुटा लिया है, जिसमें विपक्षी खेमे के शरद पवार गुट की एनसीपी के 8 सांसद, स्टालिन की डीएमके के 22 सांसद और राजद सांसद सुरेंद्र यादव का समर्थन भी शामिल माना जा रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी ने इसे असंवैधानिक बताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया है; जहां कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने इसे भारत की आत्मा पर हमला बताया, वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे बीजेपी की बड़ी भूल करार दिया और आप सांसद संजय सिंह ने हिंदी पट्टी में सीटें बढ़ाकर सत्ता पर काबिज रहने की साजिश का आरोप लगाते हुए बिल का पुरजोर विरोध करने की बात कही है।





