
Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत हुई है। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर तीनों पदों पर अब BJP का कब्जा हो गया है। नए मेयर सौरभ जोशी बन गए हैं। सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर सुमन शर्मा चुने गए। मेयर चुनाव में भाजपा को 18 वोट मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को सात और आप उम्मीदवार को 11 वोट मिले है। वोटिंग से पहले ही कई पार्षदों ने तो भाजपा पार्षद सौरव जोशी को बधाई दे दी थी। सौरभ जोशी चंडीगढ़ के 29वें मेयर बने हैं। 2021 में चुने गए पार्षदों ने इस बार आखिरी बार मेयर चुना है। इसके बाद नए सिरे से पार्षद चुने जाएंगे। इस बार चुनाव सिक्रेट बैलेट वोटिंग की जगह पार्षदों के हाथ खड़े कर हुआ। पहली बार तीनों पार्टियां मेयर का चुनाव लड़ रही थीं। पिछले 2 चुनाव में AAP और कांग्रेस का गठबंधन था।जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस भी मैदान में थीं लेकिन इस मुकाबले में जीत बीजेपी के खाते में गई।
कौन हैं सौरभ जोशी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरभ जोशी चंडीगढ़ की स्थानीय राजनीति में सक्रिय और मुखर नेता माने जाते हैं. वे लंबे समय से शहर के नागरिक मुद्दों पर काम कर रहे हैं और बीजेपी संगठन में एक मेहनती पार्षद के रूप में उनकी पहचान है. उनकी जीत को बीजेपी के लिए अहम माना जा रहा है. अब उनसे उम्मीद है कि वे चंडीगढ़ के विकास, सफाई, ट्रैफिक और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाएंगे.
मेयर चुनाव में कुल वोटिंग के दौरान बीजेपी को 18 वोट, आप को 11 वोट और कांग्रेस को 7 वोट मिले. आप के प्रत्याशी योगेश ढींगरा को सौरभ जोशी ने हराया. यह मुकाबला तिकोना था, लेकिन बीजेपी की रणनीति और संख्या बल ने नतीजा उसके पक्ष में कर दिया. इस बार मेयर का चुनाव हाथ खड़े करके कराया गया. पार्षदों से खुले तौर पर पूछा गया कि वे किसका समर्थन कर रहे हैं और फिर उनसे दस्तखत भी करवाए गए. इस प्रक्रिया के कारण किसी तरह की क्रॉस वोटिंग नहीं हुई और हर पार्टी को उतने ही वोट मिले, जितने उसके पार्षदों की संख्या थी।
बीजेपी और आप के बीच हुआ सीनियर डिप्टी मेयर का मुकाबला
मेयर चुनाव के बाद कांग्रेस के सभी पार्षद नगर निगम हाउस से बाहर चले गए. इसके चलते सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए मुकाबला सिर्फ बीजेपी और आप के बीच रह गया. इस चुनाव में बीजेपी के जसमनप्रीत सिंह सीनियर डिप्टी मेयर चुने गए. उन्हें 18 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के मुनव्वर खान को 11 वोट प्राप्त हुए।





