शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खविंद्र सिंह सुक्खू को गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर मानव बम से हमले की धमकी मिली है। जिला उपायुक्त शिमला की आधिकारिक मेल पर यह धमकी भरा ईमेल आया है। इस मेल के बाद एसपी शिमला के पत्र के आधार पर सदर थाना शिमला में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दौरान होने वाले कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पुलिस ने शुरू कर दी हैं। जानकारी के अनुसार एक अज्ञात ई-मेल आईडी से जिला उपायुक्त कार्यालय शिमला को संदेश भेजा गया है। यह मेल उपायुक्त कार्यालय शिमला की आधिकारिक मेल आईडी पर प्राप्त हुआ था, जिसे बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय शिमला के माध्यम से थाना सदर शिमला को भेजा गया। पुलिस के अनुसार ई-मेल में भेजी गई जानकारी पूरी तरह अफवाह और झूठी पाई गई है, जिसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जानबूझकर इस उद्देश्य से भेजा गया कि आम जनता में डर और दहशत फैलाई जा सके।





