Home » Uncategorized » 20 मिनट में शिमला से चंडीगढ़… संजौली हेलीपोर्ट से शुरू हुई हेली टैक्सी सेवा…

20 मिनट में शिमला से चंडीगढ़… संजौली हेलीपोर्ट से शुरू हुई हेली टैक्सी सेवा…

शिमला: प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली हेलीपोर्ट को केंद्र सरकार से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद आधिकारिक तौर पर उड़ानों के लिए खोल दिया गया है। इसके साथ ही यहां से दो कंपनियों ने हेली टैक्सी सेवाएं शुरू कर दी हैं। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संजौली हेलीपोर्ट से रिकांगपिओ के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर हेली टैक्सी को वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया। इस पहली उड़ान में कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी भी किन्नौर के लिए रवाना हुए। गौरतलब है कि हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड शिमला से हेली टैक्सी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। हेरिटेज एविएशन संजौली हेलीपोर्ट से रिकांगपिओ और कुल्लू (भुंतर) रूट पर सेवाएं संचालित करेगी, जबकि पवन हंस लिमिटेड चंडीगढ़-शिमला रूट पर हेली टैक्सी सेवाएं देगी। ये सेवाएं केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत शुरू की गई हैं, जिसके लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा टेंडर जारी किए गए थे। हेली टैक्सी सेवा के संचालन खर्च का 80 प्रतिशत केंद्र सरकार और 20 प्रतिशत प्रदेश सरकार वहन करेगी। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हेली टैक्सी सेवाएं शुरू होने से शिमला से चंडीगढ़ की दूरी मात्र 20 मिनट में तय की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। सीएम ने बताया कि हमीरपुर, पालमपुर, चंबा और रक्कड़ में हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। हेरिटेज एविएशन शिमला से रिकांगपिओ के लिए दिन में एक और भुंतर के लिए दिन में दो उड़ानें संचालित करेगी। वहीं पवन हंस लिमिटेड की हेली टैक्सी चंडीगढ़-शिमला रूट पर सप्ताह में 3 दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवारको उड़ान भरेगी। शिमला से भुंतर के लिए प्रति व्यक्ति किराया 3,500 रुपये और शिमला से रिकांगपिओ के लिए 4,000 रुपये निर्धारित किया गया है। शिमला से चंडीगढ़ के लिए 3160 रुपए, शिमला से कुल्लू 3500, शिमला-रिकांगपिओ के लिए 4000 रूपए किराया तय किया गया है. हेली टेक्सी सेवा के संचालन का 80 फीसदी खर्च केंद्र और 20 फीसदी प्रदेश सरकार वहन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]