Home » Uncategorized » सिरमौर बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक, पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना: अनुराग ठाकुर

सिरमौर बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक, पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हरिपुरधार गांव के पास हुए भीषण बस हादसे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। गौरतलब है कि 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को दोपहर करीब 2:45 बजे एक निजी बस लगभग 100 मीटर से अधिक गहरी खाई में गिर गई, जिसमें कम से कम 14 यात्रियों की मृत्यु हो गई तथा 33 लोग घायल हो गए। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। इस दर्दनाक हादसे की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सिरमौर में हुआ यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश और प्रदेश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि की घोषणा पीड़ितों के लिए संबल प्रदान करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सिरमौर बस दुर्घटना की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। यह एक ऐसी त्रासदी है, जिसने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है। उन्होंने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि राज्य सरकार को राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *