Home » Uncategorized » सड़क पर जमे पाले पर फिसली… पांच पलटे खाकर गहरी खाई में गिरी…

सड़क पर जमे पाले पर फिसली… पांच पलटे खाकर गहरी खाई में गिरी…

Himachal Pradesh bus accident today: हिमाचल के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में ओवरलोड निजी बस खाई में गिर गई। हादसे में 14 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 52 घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिमला से कुपवी जा रही 37 सीटर बस में 66 यात्री सवार थे। बस सड़क पर जमे पाले पर स्किड होकर 100 मीटर नीचे जा गिरी। बस पाले पर चढ़ते ही फिसल गई। चालक ने बचाव के लिए स्टेयरिंग घुमाया लेकिन बस खाई की ओर उतर गई। इसके बाद बस ने एक के बाद एक पांच बार पलटी खाई। पलटी लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। यह कहना है बस की फ्रंट सीट पर बैठे राज का। राज क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में उपचार के लिए भर्ती हैं। राज ने बताया कि वह शिमला से कुपवी जा रहे थे। हरिपुरधार से करीब 200 मीटर पहले बस अचानक पटल गई। सड़क पर पाला काफी जमा हुआ था। जैसे ही टायर पाले पर चढ़ा तो बस एक ओर मुड़ने लगी। ड्राइवर ने स्टीयरिंग घुमाया लेकिन बस खाई में गिर गई। थोड़ी देर में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। करीब 20 मिनट बाद राहत दल भी पहुंचा। उन्होंने यात्रियों को बस से निकलना शुरू किया। कुछ ही देर बाद हरिपुरधार क्षेत्र एंबुलेंस के सायरन से गूंजने लगा। जब तक प्रशासन का बचाव दल मौके पर पहुंचा तब तक लोग गंभीर हालत में एक-दूसरे पर गिरे रहे। घायल यात्री बचाव के लिए आवाज लगाते रहे। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत बचाव कार्य में तेजी आई। एक के बाद एक सवारियों को हरिपुरधार अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने बताया कि बस की छत पर कई स्टेशनों से सवारियां बैठी थीं। हालांकि, जिस जगह बस पलटी वहां पर बस की छत पर कोई सवारी नहीं थी। सिरमौर में आगामी दिनों में माघी का त्योहार शुरू होना है। इसे लेकर क्षेत्र में चलने वाली बसों में यही हालात हैं। घायल ललित ने बताया कि बस के खाई की तरफ गिरते ही चीख-पुकार मच गई। बस पलटियां खाने लगी। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए। चीख पुकार के बीच कई लोग मदद के लिए भी पुकारते रहे। बचाव दल के आने तक मंजर भयावह रहा। शिमला से हरिपुरधार नानी के घर जा रही दिव्यांशी ने बताया कि बस में भीड़ थी। जैसे ही बस फिसलने लगी तो सभी लोग डर गए। इस दौरान बस खाई की तरफ खिसक गई। उसके बाद उन्हें पता नहीं चल पाया कि क्या हुआ। चारों ओर चीखें सुनाई दी। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के हरिपुरधार के पास शुक्रवार दोपहर 2:40 बजे एक ओवरलोड निजी बस सड़क से 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 52 घायल हुए हैं। शिमला से कुपवी जा रही 37 सीटर बस एचपी-64-6667 में 66 यात्री सवार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *