
लाइव हिमाचल/शिमला : हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाई कोर्ट की ऑफिशल ईमेल पर यह धमकी आई है। इसके बाद पुलिस व प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। बम डिफ्यूज स्क्वाड टीम मौके पर पहुंच गई है। हाई कोर्ट के हर एक हिस्से की गहनता से जांच की जा रही है। परिसर को खाली कर दिया गया है। सारा स्टाफ व अधिवक्ता कोर्ट परिसर से बाहर आ गए। पुलिस व बम स्कवाड की टीम कोर्ट परिसर का चप्पा-चप्पा छान रही है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। बम की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पहली जनवरी को सोलन जिला के नालागढ़ पुलिस थाना के पास बम धमाका हुआ था, जिसकी एनआईए ने भी जांच की थी। हालांकि इस मामले में अभी कोई खुलासा नहीं हो पाया है। इस धमाके की पंजाब से संबंधित दो आतंकी संगठनों ने जिम्मेवारी ली थी। इस तरह की धमकी पंजाब के रूपनगर में भी आई है। यहां भी कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हिमाचल प्रदेश में इससे पहले भी राज्य सचिवालय व विभिन्न डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं। हालांकि यह धमकियां गीदड़भभकी ही साबित हुईं। अब तक कई बार इस तरह की धमकी आ चुकी हैं।





