Home » Uncategorized » अब सैलानियों को पुलिस बताएगी, बर्फ पर कैसे चलाएं गाड़ी…

अब सैलानियों को पुलिस बताएगी, बर्फ पर कैसे चलाएं गाड़ी…

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बीच पर्यटन स्थलों की ओर बढ़ते सैलानियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में जाने से पहले टूरिस्टों को ब्लैक आइस (सड़क पर जम कर शीशा बनी बर्फ) पर वाहन चलाने, आपात स्थितियों से निपटने और सुरक्षित वापसी को लेकर आवश्यक जानकारी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य है कि पहली बार बर्फ पर वाहन चलाने वाले पर्यटक किसी भी तरह की चूक न करें और हादसों से बचा जा सके। ब्लैक आइस पर वाहन के नियंत्रण खोने से बड़े हादसे होते हैं, क्योंकि यह सड़क पर दिखाई नहीं देती और वाहन अचानक फिसल सकता है। ऐसे में सैलानियों को कम गति से वाहन चलाने, अचानक ब्रेक या तेज मोड़ से बचने, इंजन ब्रेकिंग का इस्तेमाल करने और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाएगी। इसके अलावा बर्फीली सड़कों पर टायर चेन के उपयोग और एबीएस ब्रेक सिस्टम के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी। जो पर्यटक पहली बार बर्फ पर ड्राइविंग करते हैं, वे अक्सर तेज गति, अचानक ब्रेक लगाने और स्टेयरिंग को झटके से घुमाने जैसी गलतियां करते हैं। पुलिस ऐसी स्थिति से बचने के जरूरी उपायों की भी जानकारी देगी। साथ ही बर्फबारी के दौरान फॉग लाइट, हैडलाइट और इंडिकेटर का सही उपयोग पर समझाया जाएगा। पुलिस सैलानियों को एवालांच (हिमस्खलन) और बर्फीले तूफान की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रुकने या तुरंत वापस लौटने की प्रक्रिया भी समझाएगी। किन क्षेत्रों में केवल फोर बाई फोर वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी, इसकी जानकारी भी मौके पर दी जाएगी ताकि पर्यटक जोखिम भरे रास्तों पर जाने से बचें। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने बताया कि यह पहल न केवल सैलानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि बर्फबारी के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने में मददगार साबित होगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *