Home » Uncategorized » बर्फबारी के बाद रोहतांग-शिंकुला दर्रा टूरिस्ट के लिए बंद, छह जनवरी से एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ…

बर्फबारी के बाद रोहतांग-शिंकुला दर्रा टूरिस्ट के लिए बंद, छह जनवरी से एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ…

मनाली : हिमपात के बाद जिला प्रशासन लाहौल स्पीति ने शिंकुला व जिला प्रशासन कुल्लू ने रोहतांग दर्रे को बंद कर दिया है। रोहतांग दर्रा बंद करने के साथ ही मढ़ी से अस्थायी चेकपोस्ट को गुलाबा स्थापित कर दिया है। रोहतांग दर्रे की ओर अब पर्यटक मनाली से 20 किलोमीटर दूर गुलाबा पर्यटन स्थल तक ही जा सकेंगे। शिंकुला की ओर जाने वाले पर्यटक अब दारचा से 20 किलोमीटर दूर जंस्कार समदो तक ही जा सकेंगे। वहीं, प्रदेश में कुछ स्थानों पर हिमपात और वर्षा से कृषि और बागवानी को संजीवनी मिली है। अधिकतर स्थानों पर केवल बूंदाबांदी हुई है। 24 घंटे के दौरान कोकसर में 10.1, शिलारू में दो सेंटीमीटर हिमपात हुआ, जबकि कसौली में 16, करसोग में 5 मिलीमीटर वर्षा हुई। अन्य स्थानों पर एक से तीन मिलीमीटर वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर व ऊना में घने कोहरे व शीतलहर की चेतावनी है। छह जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। छह जनवरी को फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे एक-दो स्थानों पर हिमपात व वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक की वृद्धि हुई है। नेरी में 5.7, रिकांगपिओ में 5.3, कल्पा में 5.2, शिमला में तीन डिग्री की वृद्धि हुई है। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री का अंतर आया है। सबसे कम तापमान ताबो में माइनस 6.8 डिग्री रहा। सबसे अधिक तापमान बजौरा में 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मंडी जिले में स्थित कमरूनाग झील जम गई है। शिकारी माता मंदिर की पहाड़ियों पर भी हिमपात हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *