Home » Uncategorized » नववर्ष पर मां ज्वाला के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

नववर्ष पर मां ज्वाला के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

कांगड़ा: नव वर्ष 2026 के शुभ आगमन पर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही मां ज्वाला की दिव्य ज्योति के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। लंबी कतारों में खड़े होकर भक्तों ने दर्शन किए और नववर्ष के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। नववर्ष के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन-यज्ञ भी आयोजित किए जा रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुजारियों द्वारा कराए जा रहे हवन-यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आहुतियां डालकर परिवार और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में जयकारों से गूंज उठा। ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी श्रद्धालुओं को विधिवत मां की दिव्य ज्योति के दर्शन करवा रहे हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए हलवे का भंडारा भी लगाया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। “जय मां ज्वाला” और “हैप्पी न्यू ईयर” के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी कपिल शर्मा ने बताया कि नववर्ष के पावन अवसर पर मां ज्वाला के दरबार में देशभर से श्रद्धालु पहुंचे हैं। हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना के माध्यम से सभी मां से सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि नववर्ष की शुरुआत मां ज्वाला के दर्शन और हवन-यज्ञ में भाग लेकर करना बेहद सौभाग्य की बात है। एक श्रद्धालु ने कहा कि मां के दरबार में आकर मन को शांति मिली और नया साल सभी के लिए मंगलमय हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]