Home » Uncategorized » मंडी की प्रियंका के सिर सजा मिस विंटर क्वीन का ताज, कनिष्का और नेहा बनीं रनरअप

मंडी की प्रियंका के सिर सजा मिस विंटर क्वीन का ताज, कनिष्का और नेहा बनीं रनरअप

शिमला: राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर चल रहे शिमला विंटर कार्निवल-2025 में मिस विंटर क्वीन का ताज मंडी की प्रियंका ठाकुर के सिर सजा। रविवार को मिस विंटर क्वीन का फाइनल राउंड हुआ जिसमें मंडी की प्रियंका ठाकुर को मिस विंटर क्वीन 2025 चुना गया। वहीं सिरमौर की कनिष्का ने फर्स्ट रनरअप और चौपाल की नेहा ठाकुर ने सेकंड रनरअप का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन ग्रैंड फिनाले और फाइनल राउंड का आयोजन किया गया। ग्रैंड फिनाले राउंड में रैंप वॉक के आधार पर टॉप फाइव मॉडल्स चुनी गईं। इन्हें अभिनेता और मॉडल विक्रम मेहता ने गोल्ड कॉइन देकर इन्हें प्रोत्साहन दिया। इसके बाद फाइनल राउंड का आयोजन किया गया जिसमें प्रश्न उत्तर राउंड के बाद मिस विंटर क्वीन सहित दो रनरअप का चुनाव किया गया। इनमें प्रियंका ठाकुर मिस विंटर क्वीन, कनिष्का चौहान प्रथम उप विजेता और नेहा ठाकुर दूसरी उप विजेता रहीं। इसके साथ ही शिमला की इशिता सूद ने तीसरा और मंडी की लौन्या वर्मा ने चौथा स्थान पाकर टॉप फाइव में जगह बनाई। मिस विंटर क्वीन को ताज, सेश और चांदी की अंगूठी देकर सम्मानित किया गया। दोनों रनरअप को भी हंस ज्वेलर्स की ओर से चांदी की अंगूठियां और सेश पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता को देखने के लिए रिज मैदान पर दर्शकों की खासी भीड़ उमड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *