Home » Uncategorized » परवाणू में दो युवक चिट्टे के साथ गिरफ़्तार…

परवाणू में दो युवक चिट्टे के साथ गिरफ़्तार…

सोलन: जिला के औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए दो युवकों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी कसौली तहसील के रहने वाले हैं और सड़क किनारे आग सेंकते हुए पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 दिसंबर 2025 की है। पुलिस थाना परवाणू की एक टीम अपराधों की रोकथाम और नियमित गश्त के लिए क्षेत्र में निकली हुई थी। जब टीम गश्त करते हुए तंबू मोड़ के पास पहुंची, तो वहां सड़क किनारे दो व्यक्ति आग सेंकते हुए नजर आए। पुलिस को अपनी ओर आता देख दोनों युवक घबरा गए और मौके से भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने शक होने पर तुरंत कार्रवाई की और दोनों को मौके पर ही धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 3.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय तरुण शर्मा (पुत्र बलदेव शर्मा) और 29 वर्षीय देव राज (पुत्र चिंत राम) के रूप में हुई है। ये दोनों ही आरोपी सोलन जिला की कसौली तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव कैंथी डाकखाना गाईघाट के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ परवाणू थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके। साथ ही, उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *