Home » Uncategorized » शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे सकारात्मक प्रयास : संजय अवस्थी

शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे सकारात्मक प्रयास : संजय अवस्थी

सोलन: अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बच्चों की उपलब्धियों को सराहने व उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट के पी.एम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा इसके अंतर्गत 10 कलस्टर विद्यालयों के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है। छात्रों को आवश्यकता है तो केवल एक बेहतर मंच की, जिसके माध्यम से उनकी प्रतिभा में निखार आ सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों के शैक्षणिक व सांस्कृतिक उपलब्धियों को सराहने का उत्सव है, बल्कि उनकी छिपी प्रतिभाओं को उजागर करने का मंच भी है। विधायक ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने में भी ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसे कुरीति से दूर रखने के लिए खेलों के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में उनकी रुचि बढ़ाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा आज एक चुनौती बना हुआ है और इस चुनौती से निपटने के लिए खेल, रचनात्मक गतिविधियां, प्रतियोगिताएं व अन्य पाठ्येतर गतिविधियां अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस विषय में अभिाभावकों से भी आग्रह किया कि बच्चों के साथ अधिक से अधिक समय बिताएं ताकि वह नशे से दूर रहें। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जा रहे है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित करना एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी तीन स्थानों पर राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जाएंगे। इन स्कूलों के लिए लगभग 1.32 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय निवासी राजू द्वारा स्कूल भवन निर्माण के लिए भूमि दान करने पर उनका आभार व्यक्त किया। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर विद्यालय की पत्रिका ‘बाघल दर्पण’ का विमोचन भी किया। विधायक ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस वर्ष पुरस्कार प्राप्त न कर पाने वाले छात्रों कोे कठिन परिश्रम कर, भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने आयोजन समिति को 21 हजार रुपए और छात्रों के लिए 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।
पी.एम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट के प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीपक गजपति ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के बारे उन्हें अवगत करवाया।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रस्तुत किए गए। संजय अवस्थी ने तदोपरांत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनीं तथा इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ग्राम पंचायत चाखड़ की प्रधान गुरदेई ठाकुर, ग्राम पंचायत बरायली के उप प्रधान कृष्ण चंद, विपणन एवं उपभोक्ता महासंघ सोलन के निदेशक सुरेंद्र ठाकुर, दी बाघल लैंड लूजर सोसाइटी के प्रधान जगदीश ठाकुर, अम्बुजा-दाड़ला-कसलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, पूर्व सैनिक ट्रांसपोर्ट सोसायटी के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक, अभिभावक व छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *