Home » Uncategorized » रोहड़ू में नाबालिग से दरिंदगी: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बनाया हवस का शिकार, पुलिस ने शुरू की जाँच

रोहड़ू में नाबालिग से दरिंदगी: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बनाया हवस का शिकार, पुलिस ने शुरू की जाँच

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ रोहड़ू थाना क्षेत्र के अंतर्गत 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, यह खौफनाक घटना 15 अक्टूबर की है, जब रोहड़ू स्थित एक आवासीय परिसर में पवन नाम के आरोपी ने नाबालिग के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया, तो वह उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इस खौफ और दबाव के चलते पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिवार वालों से छिपाए रखी।

मामले का खुलासा 23 अक्टूबर को तब हुआ, जब पीड़िता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य जांच और डॉक्टरों से बातचीत के बाद परिजनों के सामने पूरी सच्चाई आई, जिसके तुरंत बाद परिजनों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जुब्बल से सीसीटीएनएस (CCTNS) के ज़रिए प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर रोहड़ू थाने में नियमित मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS और पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की गहनता से जाँच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *