शिमला: हिमाचल की जीवन रेखा मानी जाने वाली 108 नेशनल एंबुलेंस सेवा और 102 जननी एक्सप्रेस सेवा को लेकर उपजे संकट के बीच प्रशासन और सेवा प्रदाता संस्था ने सख्त रुख अपनाया है। और 102 एंबुलेंस सेवा कर्मचारियों के 25 दिसंबर रात आठ से 27 दिसंबर रात आठ बजे तक प्रस्तावित 48 घंटे की हड़ताल के नोटिस के बाद राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। सरकार ने इन सेवाओं पर हिमाचल प्रदेश आवश्यक सेवाएं अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) लागू कर दिया है। इससे हड़ताल, कार्य बहिष्कार या ड्यूटी से अनुपस्थिति अब कानूनन अपराध की श्रेणी में आ गया है। वहीं यूनियन का कहना है कि हड़ताल का फैसला लिया गया है और वे इस पर कायम हैं।
आदेश के उल्लंघन पर हो सकती है कड़ी कार्रवाई
वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने स्पष्ट किया है कि 108 और 102 एंबुलेंस आवश्यक सेवाएं हैं। ऐसे में हड़ताल में शामिल होने या सेवा देने से इन्कार करने पर एस्मा सहित अन्य कानूनी प्रविधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है। इसमें वेतन कटौती से लेकर नौकरी जाने का खतरा भी शामिल है। एनएचएम के मिशन निदेशक ने प्रदेश के सभी उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पत्र जारी कर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि हड़ताल की स्थिति में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो सकती हैं, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयार रहें। 108 और 102 सेवाओं का संचालन करने वाली संस्था मेड्सवान फाउंडेशन ने 20 दिसंबर को कार्यालय आदेश जारी कर साफ किया है कि 25 से 27 दिसंबर तक सभी कर्मचारियों की ड्यूटी अनिवार्य होगी। किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं होगा। एस्मा व अन्य कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।





