शिमला: हिमाचल प्रदेश में संचालित किए जा रहे राशन के डिपो में ब्रांडेड समान मिलेगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग उपभोक्ताओं को सस्ते राशन के साथ-साथ ब्रांडेड समान खरीदने का विकल्प भी मुहैया करवाएगा। इसके अलावा इंटरनेट की समस्या से पार पाने सहित राशन वितरण में लगी मशीनों को भी बदल दिया जाएगा। डिपो में यह नई मशीने मार्च 2026 से मुहैया करवाई जाएंगी। विभाग ने इन मशीनों को लगाने की कवायद तेज कर दी है। कमीशन बढ़ोतरी पर अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। हिमाचल में कुल 5096 डिपो संचालित हैं और इनके माध्यम से 19.32 लाख उपभोक्ताओं को सस्ता राशन मुहैया करवाया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक आरके गौतम से शिमला में बैठक की है। इस दौरान डिपो संचालकों को पेश आ रही आर्थिक और तकनीकी दिक्कतों पर चर्चा हुई। समिति के प्रवक्ता संजीव वर्मा ने बताया कि बैठक में सिविल सप्लाई के माध्यम से सस्ती दरों पर ब्रांडेड खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने का मुद्दा उठाया गया। इस पर निदेशक ने आश्वासन दिया कि भविष्य में डिपो में ब्रांडेड सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। बैठक में समिति ने इंटरनेट सुविधा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। समिति प्रवक्ता संजीव वर्मा ने कहा कि डिपो होल्डर अपने निजी पैसे से इंटरनेट का खर्च उठा रहे हैं। कंपनी के साथ करार के अनुसार इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवानी थी, लेकिन वर्ष 2016 से यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। हर डिपो संचालक को करीब 450 रुपए प्रतिमाह अपनी जेब से खर्च करने पड़ रहे हैं।





