हमीरपुर: हमीरपुर में एचआरटीसी बस की चैकिंग के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। बिलासपुर डिपो की बस की जांच करते समय फ्लाइंग स्क्वायड और कंडक्टर के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कंडक्टर ने सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया। घटना गुरुवार सुबह दोसडक़ा की है, जब एक महिला यात्री बिना टिकट पकड़ी गई। इसके बाद पे-बिल और लॉग बुक को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में कंडक्टर ने हाथापाई की और मौके से फरार हो गया। यह घटना गुरुवार सुबह तक़रीबन साढ़े आठ बजे हमीरपुर के दोसडक़ा क्षेत्र में घटी। बिलासपुर डिपो से धर्मशाला जा रही एचआरटीसी बस की हमीरपुर डिवीजन की फ्लाइंग स्क्वायड ने चेकिंग की। सब-इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने यात्रियों के टिकट चेक करने शुरू किए। इसी दौरान एक महिला यात्री बिना टिकट पकड़ी गई। सब-इंस्पेक्टर ने कंडक्टर कर्ण कुमार से उस यात्री का पे-बिल मांगा। कंडक्टर ने पे-बिल देने में आनाकानी की। इस पर सब-इंस्पेक्टर ने बस ड्राइवर से वाहन की लॉग बुक मांग ली। कंडक्टर ने वह लॉग बुक ड्राइवर से छीनने का प्रयास किया लेकिन ड्राइवर ने उन्हें दे दी। जैसे ही सब-इंस्पेक्टर लॉग बुक में कुछ लिखने लगे, कंडक्टर कर्ण कुमार ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। कंडक्टर मौके से फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम ने बस में मौजूद यात्रियों को भी हैरान कर दिया। घटना के तुरंत बाद सब-इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने हमीरपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कंडक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके जवाब में कंडक्टर कर्ण कुमार ने भी पुलिस में जाकर अपने वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि सब-इंस्पेक्टर ने भी मारपीट की। हमीरपुर पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने पुष्टि की कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आगामी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों ही एचआरटीसी के कर्मचारी हैं और उनके बीच हुई यह तनावपूर्ण घटना संगठन के लिए चिंता का विषय है।
कंडक्टर को तुरंत प्रभाव से किया गया निलंबित
एचआरटीसी प्रबंधन ने इस घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कंडक्टर कर्ण कुमार को निलंबित कर दिया है। बिलासपुर डिपो के डिपो डिवीजनल मैनेजर विवेक लखनपाल ने बताया कि कंडक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है। उनकी जगह दूसरे कंडक्टर को उसी बस रूट पर ड्यूटी के लिए भेज दिया गया है। हमीरपुर डिवीजन के डिवीजनल मैनेजर राजकुमार पाठक ने बताया कि कंडक्टर के खिलाफ आधिकारिक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कॉर्पोरेशन द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पूरा मामला आंतरिक जांच के दायरे में आता है।





