Home » Uncategorized » दिल्ली से इंटरस्टेट ई-बस सेवा शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने 100 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी

दिल्ली से इंटरस्टेट ई-बस सेवा शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने 100 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी

नेशनल डेस्क:  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को डीटीसी के बेड़े में 100 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही दिल्ली के धौला कुआं से हरियाणा के धारूहेड़ा तक इंटरस्टेट ई-बस सेवा की शुरुआत भी की गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है। ड्राइवरों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सहायता के बिना दिल्ली चल नहीं सकती है। इन बसों से साफ, सस्ती और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन को और मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में और बसें लाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए हमारी सरकार लगातार दीर्घकालिक और प्रभावी समाधान लागू कर रही है। इसी कड़ी में डीटीसी के बेड़े में नई ई-बसें शामिल की गई हैं। हमारा लक्ष्य है कि अगले साल तक डीटीसी की सभी बसें इलेक्ट्रिक हों, ताकि दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह उत्सर्जन से मुक्त बन सके। इसी सोच के साथ हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि कई वर्षों से बंद पड़ी इंटरस्टेट बस सेवा को हमारी सरकार ने फिर से शुरू किया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस ये बसें न केवल प्रदूषण कम करेंगी, बल्कि रोजाना दिल्ली-एनसीआर आने-जाने वाले लोगों का सफर सुरक्षित और आरामदायक भी होगा। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार ने इंटरस्टेट बसों को बंद कर दिया था, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दिल्ली में भाजपा सरकार आने के बाद लगातार बस सेवा में विस्तार किया जा रहा है। मैं इसके लिए दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह और अधिकारियों को बधाई देती हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]